सेना के रिटायर्ड जवान के निधन के 20 दिन बाद बीमार पत्नी ने भी दम तोड़ा।
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज सिंह: महज बीस दिनों के अंतराल पर पहले पति तथा फिर पत्नी ने इलाज के क्रम में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। लिबर रोग से पीड़ित सेना के अवकाश प्राप्त जवान व उनकी पत्नी के महज 20 दिनों के अंतराल पर हुए असामयिक निधन से पूरा गाँव शोकाकुल है। बताते चलें कि बीते 18 मार्च को दिल्ली के एक अस्पताल में इलाजरत माँझी के माड़ीपुर गाँव निवासी व सेना के अवकाश प्राप्त जवान उपेन्द्र सिंह का निधन हो गया था। उधर पति की मौत की सूचना मिलने के बाद बीमार पत्नी बुगलेश देवी को भी परिजनों द्वारा चिंताजनक स्थिति में दिल्ली में ही एक निजी अस्पताल में एडमिट करा दिया गया। जहाँ बीते रविवार को पत्नी ने भी दम तोड़ दिया। परिजनों ने दिल्ली में ही मृतका का भी दाह संस्कार सम्पन्न करा दिया तथा वापस घर लौट गए। परिजनों ने बताया कि कुछ ही दिन पहले पत्नी ने अपने बीमार पति को अपना लिबर डोनेट कर जीवनदान दिया था। हालाँकि लिबर डोनेट करने के बाद से दोनों बीमार चल रहे थे तथा दिल्ली में ही दोनों को इलाज के लिए एडमिट कराया गया था। अपने माता पिता के असामयिक निधन से मर्माहत पुत्र प्रभात कुमार सिंह ने क्रमशः दोनों को मुखाग्नि देकर दाह संस्कार सम्पन्न करा दिया। दम्पत्ति के लम्बे इलाज के बाद हुए निधन से टूट चुके परिजन दोनों के एक साथ श्राद्ध संस्कार सम्पन्न कराने की तैयारियों में जुटे हुए हैं।