मछली व्यव्सायी को चाकू घोंप पैतालिस हजार रुपये लूट कर अपराधी फरार!
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज सिंह: बीती रात्रि माँझी थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव के समीप अपराध कर्मियों ने मछली व्यव्सायी को चाकू घोंप कर गम्भीर रूप से जख्मी कर दिया तथा उसकी जेब में मौजूद लगभग पैतालिस हजार रुपये लूट लिए। जख्मी मछली व्यवसायी फतेहपुर गाँव निवासी गोकुल साह का पुत्र हरेंद्र साह बताया जाता है। घटना बुधवार की रात की है। घटना के सम्बंध में घायल व्यवसायी ने बताया कि माँझी चट्टी स्थित मछली दुकान का मछली आने में लेट हो गया। रात को लगभग ग्यारह बजे मछली दुकान से वह अपनी बाइक से अपने घर जा रहा था। इसी बीच नरपलिया मोड़ से आगे दो बाइक पर सवार चार अपराध कर्मियों ने उसे घेर कर तथा फिर चाकू घोंप कर लहू लुहान कर दिया तथा पैतालिस हजार लूट कर फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने घायलावस्था में उसे माँझी सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद घायल मछली व्यव्सायी ने चार लोगो को नामजद करते हुए स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।