तेज रफ्तार का कहर: सड़क दुर्घटना में साइकिल सवार की मौत! बाइक सवार गिरफ्तार!
/// जगत दर्शन न्यूज
कटिहार (बिहार) संवाददाता रूपेश मिश्रा: तेज रफ्तार के कहर ने एक व्यक्ति की जान ले ली है। घटना प्राणपुर थाना क्षेत्र के बुध नगर की है। मृतक की पहचान मरोचा गांव निवासी रमेश ठाकुर के रूप में हुई है। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि रमेश ठाकुर अपना सैलून बंद कर घर खाना खाने के लिए साइकिल से जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से तेज रफ्तार बाइक से एक युवक कटिहार की ओर आ रहा था। तेज रफ्तार के कारण बाइक सवार का संतुलन बिगड़ा और वह सीधा साइकिल सवार को टक्कर मार दिया। दुर्घटना में साइकिल सवार का एक पैर, हाथ और कमर टूट गया। वहीं सर पर गंभीर चोट लगने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। स्थानीय ग्रामीणों के द्वारा बाइक सवार को पकड़ लिया गया और इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव का पहचान करते हुए परिजनों से संपर्क किया। इस दौरान बाइक को जब्त कर लिया गया और चालक को गिरफ्तार कर थाना लाया गया। इधर घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। घर के सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस के द्वारा शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं परिजनों का फर्द बयान दर्ज कर आगे के अनुसंधान में पुलिस जुट गई है।