शिक्षकों की आश टूटी! स्कूल 9 से 5 बजे तक! शिक्षण 10 बजे से 4 बजे तक! आ गया नया आदेश!
/// जगत दर्शन न्यूज
पटना (बिहार): बिहार सरकार के माध्यमिक शिक्षा विभाग के निदेशक कन्हैया प्रसाद श्रीवास्तव ने आज मंगलवार को अधिसूचना (संचिका संख्याः 01/ मा०शि०-स्था ख -88/2015 - 553) जारी करते हुए कहा है कि विभाग द्वारा निर्गत पूर्व अधिसूचना संख्या-2707, दिनांक-28.11.2023 के द्वारा पढ़ाई की पहली घंटी 09.30 बजे पूर्वा० से शुरू होकर आठवीं घंटी 03.30 बजे अप० समाप्त होती थी। अब स्पष्ट किया जाता है कि पहली घंटी 10.00 बजे पूर्वा० से प्रारम्भ होकर आठवीं घंटी 04.00 बजे अप० समाप्त होगी। अतः अब पहली घंटी 10.00 बजे पूर्वा से 10.40 बजे पूर्वा तक, दूसरी घंटी 10.40 बजे पूर्वा० से 11.20 बजे पूर्वा० तक, तीसरी घंटी 11.20 बजे पूर्वा से 12.10 बजे अप० तक, चौथी घंटी 12.10 बजे अप0 से 12.50 बजे अप० तक, मध्यांतर 12.50 बजे अप० से 01.30 बजे अप० तक, पांचवी घंटी 01.30 बजे अप० से 02.10 बजे अप० तक, छठी घंटी 02.10 बजे अप० से 02.50 बजे अप० तक, सातवीं घंटी 02.50 बजे अप0 से 03.30 बजे अप० तक एवं आठवीं घंटी 03.30 बजे अप० से 04.00 बजे अप० तक होगी। वहीं उक्त अधिसूचना के शेष अंश यथावत् रहेंगे।
बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समय बदलाव में हामी भर दिया था। ऐसा विश्वास था कि अब विद्यालय का समय 10 बजे से 4 बजे हो जाएगा। दरअसल आज मंगलवार को विधानसभा में सदन की कार्यवाही शुरू होते ही स्कूलों की टाइमिंग को लेकर सवाल लगने लगे थे। इस दौरान विपक्ष के विधायकों ने शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव के पाठक के खिलाफ भी जमकर हंगामा किया और वेल में जा पहुंचे थे। इस दौरान स्कूलों की टाइमिंग से लेकर केके पाठक के फैसले तक पर सवाल उठने लगे थे।
इस बीच सीएम नीतीश कुमार ने स्कूलों की टाइमिंग को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया था। दरअसल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केके पाठक के आदेश पर कड़ी नाराजगी जताई थी जिसके तहत सुबह 9:00 बजे से 5:00 बजे तक स्कूलों की टाइमिंग की गई थी। उन्होंने कहा था कि सुबह 10:00 बजे से 4:00 तक की स्कूलों का संचालन होगा। पर इस प्रकार के आदेश से शिक्षकों में काफी निराशा उत्पन्न हो गई है। शिक्षकों के लिए कोई आदेश में बदलाव नहीं होने से अब भी उन्हें ड्यूटी सुबह 9 बजे से 5 बजे तक ही करनी होगी। इसके मुताबिक स्कूल अब भी 9 बजे से 5 बजे तक ही चलेंगे।