माँझी प्रमुख व उप प्रमुख की कुर्सी पूर्ववत बरकरार! बैठक में एक भी सदस्य नही पहुँचे!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज सिंह: माँझी की प्रखण्ड प्रमुख कमला देवी तथा उप प्रमुख मनोज सिंह के खिलाफ लाये गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए सोमवार को बुलाई गई बैठक में एक भी समिति सदस्य उपस्थित नही हुआ। बाद में बैठक सम्पन्न कराने के लिए प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवम रिविलगंज के बीडीओ लालबाबू पासवान तथा माँझी के बीडीओ रंजीत सिंह ने समिति सदस्यों को एक घण्टे का अतिरिक्त समय दिया इसके बावजूद एक भी सदस्य बैठक में नही पहुँचा। तत्पश्चात पदाधिकारी द्वय ने दोपहर एक बज कर तीस मिनट पर बैठक की समाप्ति की घोषणा कर दी गई और इस तरह प्रमुख व उप प्रमुख की कुर्सी पूर्ववत बरकरार रह गई।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बैठक में शामिल होने के लिए निर्धारित समय ग्यारह बजकर 30 मिनट से पहले ही प्रमुख विरोधी गुट के एक दर्जन से अधिक समिति सदस्य प्रखंड मुख्यालय पर पहुँच गए थे तथा वे सभी प्रमुख समर्थक सदस्यों के बैठक में पहुँचने की प्रतीक्षा कर रहे थे। लेकिन मिली जानकारी के मुताबिक अपनी रणनीति के तहत बैठक छोड़कर प्रमुख समर्थक सदस्यों के दूसरे प्रदेश में भूमिगत होने की वजह से शेष समिति सदस्य भी बैठक में शामिल नही हो सके और अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान की उनकी योजना सफल नही हो सकी। इस नाटकीय घटनाक्रम के सत्तासीन प्रखंड प्रमुख कमला देवी व उप प्रमुख मनोज सिंह की कुर्सी यथावत बरकरार रह गई। बाद में सत्तापक्ष के सदस्यों का घण्टों इंतजार करने के बाद विपक्षी गुट के सदस्य अपने अपने घर लौट गए। उधर कथित रूप से दूसरे प्रदेश में भूमिगत प्रमुख व उप प्रमुख समर्थक समिति सदस्यों ने जमकर जीत का जश्न मनाया तथा अपनी जीत का जश्न मनाते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी किया है।