खिड़की तोड़कर चोरों ने गायब किये लाखों की संपत्ति!
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: दाउदपुर थाना क्षेत्र के इनायतपुर टोला ब्रह्मचारी में सोमवार की रात देवनाथ महतो के घर मे खिड़की तोड़कर घुसे चोरों ने करीब एक लाख रूपए के गहने की चोरी कर ली। घटना की जानकारी मंगलवार की अहले सुबह हुई जब पड़ोस की महिलाएं शौच के लिए घर से बाहर निकली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रात में देवनाथ महतो के परिवार के लोग अपने कमरे में सो रहे थे। तभी चोरों ने बगल के कमरे की खिड़की बाहर से तोड़कर अंदर घुस गए और गहने की अटैची और एक पेटी लेकर फरार हो गए। अहले सुबह जब पड़ोस की महिलाएं शौच के लिए बाहर निकली तो बाहर से कमरे की खिड़की टूटी देख शोर मचाया और घर वालों को जानकारी दी। उसके बाद जब परिजनों ने कमरे का मुआयना किया तो गहने की अटैची और एक पेटी गायब थी। एक पेटी टूटी हुई थी और उसमें रखे कुछ कपड़े बिखड़े पड़े थे। उसके बाद दाउदपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। उसके बाद पुलिस ने पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
वहीं मुखिया पति राजेश ठाकुर ने भी पहुंचकर परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। पीड़ित देवनाथ महतो ने बताया कि उनके पुत्र राजू महतो की इसी वर्ष मार्च में शादी हुई थी, जिसमें बहु को मिले आठ थान सोने व चांदी के गहने अटैची में रखे थे, जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपए थी। इसके साथ एक पेटी भी चोर उठाकर ले गए हैं। दाउदपुर थानाध्यक्ष बीरेंद्र राम ने बताया कि पुलिस घटना की जांच-पड़ताल कर रही है।