नीतीश सरकार की कैबिनेट की बैठक खत्म। बिहार विद्यालय विशिष्ट शिक्षक नियमावली 2023 को मिली मंजूरी!
/// जगत दर्शन न्यूज
पटना (बिहार): बिहार के सियासी गलियारे से बड़ी खबर आ रही है। आज मंगलवार को नीतीश सरकार की कैबिनेट की बैठक खत्म हो गयी है। इस मीटिंग में कुल 29 एजेंडों पर मुहर लगी है।
इस मीटिंग में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के जनता के हित में बड़ा फैसला लिया है। नियोजित शिक्षकों के हित में भी बड़ा फैसला हुआ है। बहुप्रतीक्षित बिहार विद्यालय विशिष्ट शिक्षक नियमावली 2023 को मंज़ूरी मिल गई है।
नियोजित शिक्षकों के लिए बड़ी ख़बर।
आज हुई कैबिनेट की बैठक में सरकार ने बिहार विद्यालय विशिष्ट शिक्षक नियमावली 2023 को मंजूरी दे दी। अब बिहार के सभी नियोजित शिक्षक विशिष्ठ शिक्षक कहलाएंगे। उन्हें बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित एक मामूली सक्षमता परीक्षा को पास करनी होगी। इसके बाद ही सरकार उन्हें राज्यकर्मी का दर्जा दे देगी।
छपरा में बनेगा ऑडिटोरियम
नीतीश कैबिनेट की बैठक में अनुसूचित जाति जनजाति कल्याण विभाग के तहत स्कूल भवन निर्माण को मंजूरी मिली है। इसके साथ ही गया में विष्णुपद मंदिर पाथवे में शेड निर्माण हेतु स्वीकृति मिली है। छपरा में भिखारी ठाकुर के नाम पर ऑडिटोरियम निर्माण को मंजूरी दी गयी है।
बिहार पर्यटन नीति को भी मंजूरी
रीगा चीनी मिल के पुन: परिचालन से पहले किसानों के बकाये ईख की राशि का वितरण करने का निर्देश दिया गया है। बड़ी बात ये है कि बिहार पर्यटन नीति को भी कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है।
आपको बता दें कि बीते 2 नवंबर को गांधी मैदान में आयोजित नियुक्ति-पत्र वितरण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़ा ऐलान किया था। मुख्यमंत्री ने कहा था कि बिहार के सभी नियोजित शिक्षकों को एक मामूली परीक्षा लेकर सरकारी राज्यकर्मी का दर्जा दे दिया जाएगा। सीएम नीतीश ने मंच से ही शिक्षा विभाग के ACS केके पाठक को खाली पदों पर दो महीने के भीतर भर्ती करने का निर्देश दिया था और कहा था कि राज्य के सभी नियोजित शिक्षकों को सरकारी कर देंगे।