छठ घाट वर्षों से जर्जर! जनप्रतिनिधि एवं अधिकारियों ने नहीं ली कभी सुध!
/// जगत दर्शन न्यूज़
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड क्षेत्र के कचनार गांव के उत्तर टोला स्थित छठ घाट वर्षों से जर्जर है।छठ घाट के जर्जर रहने से छठ व्रतियों को काफी परेशानी हर साल होती है। घाट इतना खतरनाक है कि व्रतियों के साथ दुर्घटना भी हो सकती है। बावजूद इसके व्यवस्थित करने एवं जीर्णोद्धार करने की दिशा में किसी जनप्रतिनिधि एवं अधिकारियों ने कभी सुध नहीं ली है। लोक आस्था का महापर्व छठ अब निकट आ चुका है। लेकिन घाट की मरम्मती के प्रति नहीं जनप्रतिनिधि नहीं अधिकारी ध्यान दे रहे हैं। जर्जर छठ घाटों की मरम्मत की मांग कई सालों से स्थानीय लोग करते आ रहे हैं। लेकिन जनप्रतिनिधियों के द्वारा इसे हर बार अनसुना कर दिया जाता रहा है।
छात्र नवयुवक नाट्य कला छठ पूजा समिति की ओर से हर साल व्रतियों की सुविधा के लिए टेंट, प्रकाश, साफ सफाई, रंगरोगन आदि की व्यवस्था की जाती है, लेकिन छठ घाट के जर्जर रहने पर सब फीका सा लगता है। छठ पूजा समिति के हरिशंकर भगत, हरेंद्र ठाकुर, राधेश्याम प्रसाद, विमलेश उपाध्याय ने बताया कि छठ घाट काफी जर्जर है। चंदे की राशि से इसकी मरम्मत करना मुश्किल है। अगर प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि चाहे तो छठ घाट कि मरम्मत कर उसे समतल करके अनुष्ठान के लायक बनाया था। लेकिन प्रखंड प्रशासन का ध्यान इस ओर नहीं है। बीडीओ सूरज कुमार सिंह ने बताया कि स्थल निरीक्षण करने के बाद कुछ कह सकते हैं।