स्ट्रीट लाइट महीनों से खराब! अंधेरे में डूबा रहता है दाऊदपुर! गहरी नींद में एनएचएआई!
/// जगत दर्शन न्यूज़
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: छपरा-सिवान मुख्य मार्ग (एनएच 531) पर दाउदपुर में लगायी गई करीब 50 स्ट्रीट लाइट सही देखभाल के अभाव में कई माह से खराब पड़ी है, जिससे मुख्य मार्ग पर रात में रोशनी नही मिलने के कारण सिर्फ शोभा की वस्तु बनकर रह गई है। लोगों को उम्मीद थी नवरात्र शुरू पर स्ट्रीट लाइट को अवश्य ठीक कर दिया जाएगा। मगर अभी तक ऐसा नही हुआ।
इस संबंध में बताया जाता है कि करीब एक सप्ताह पहले बनवार में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान लोगों की शिकायत पर महाराजगंज सांसद ने भी विभागीय अधिकारियों से दुर्गा पूजा के मद्देनजर दो दिनों के अंदर स्ट्रीट लाइट को ठीक कर चालू करने का निर्देश दिया था। उसके बावजूद भी एनएचएआई की गहरी नींद में सो रहा है। ऐसा लग रहा है कि इस बार दाउदपुर में दुर्गा पूजा अंधेरे में हीं लोग मनाएंगे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इसके पहले भी स्ट्रीट लाइट खराब हुआ था। जिसकी शिकायत मिलने पर 6 माह पहले इसे ठीक कर दिया गया। मगर दस दिन बाद फिर स्ट्रीट लाइट का जलना बंद हो गया, तब से फिर मुख्य मार्ग रात में अंधेरे में डूबा रहता है। लोगों ने बताया कि प्रति वर्षआस-पास के कई दर्जन गांवों के लोग दाउदपुर में दुर्गा पूजा देखने के लिए आते हैं। रोशनी नही होने के कारण रात में दाउदपुर स्टैंड में विभिन्न वाहनों से अथवा रेलवे स्टेशन पर अपने सामान के साथ ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों व व्यवसायियों को अंधेरे में मुख्य मार्ग से होकर जाना पड़ता है, जिससे चोर-उचक्कों के द्वारा उन्हें लूट लिए जाने की संभावना बनी रहती है। अब देखना है कि लोगों की परेशानियों का असर कब तक सम्बंधित अधिकारियों के ऊपर पड़ता है। दुर्गा पूजा जैसे महत्वपूर्ण त्योहार के दौरान भी तकनीकी गड़बड़ी को दूर कर स्ट्रीट लाइट को ठीक किया जाता अथवा नही।