नहीं रहे एबीएम सेंट्रल स्कूल के संस्थापक चन्द्र मोहन मिश्रा!
/// जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड क्षेत्र के घोरहट मझवलिया निवासी एबीएम सेन्ट्रल स्कूल के संस्थापक चन्द्र मोहन मिश्र का बीती रात निधन हो गया। वे पीछले एक वर्ष से बीमार चल रहे थे। उनकी उम्र लगभग 70 वर्ष थी। अपने पीछे वे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं।
ज्ञात हो कि श्री मिश्रा बिहार सरकार में सिविल इंजीनियर थे। नौकरी से सेवा निवृत्त होने के बाद वे अपने चाचा और सहपाठी पूर्व मंत्री श्री रविंद्र मिश्रा के साथ सामाजिक कार्यों में लग गए थे। अपने गांव और आस पास के क्षेत्र में अच्छे स्कूल का अभाव देख, उन्होंने ए बी एम सेन्ट्रल स्कूल की स्थापना कर आस पास के गांवों में शैक्षणिक विकास को एक नई दिशा देने का प्रयत्न किया। वे अन्य सामाजिक कार्यों में भी बढ़ चढ़ कर हिस्सा ले रहे थे। उनके निधन का समाचार सुन कर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ए बी एम सेन्ट्रल स्कूल सहित आस पास के विद्यालयों के शिक्षको और प्रबंधकों ने उनके निधन को क्षेत्र के शैक्षणिक विकास के लिए अपूर्णीय क्षति बताया है।
उनका दाह संस्कार आज उनके पैतृक गांव घोरहट मझवलिया, (छपरा) किनारे स्थित सरयु घाट पर होगा।