इंडियन आइडियल फेम शिवम का माँझी में जोरदार स्वागत! गीत गाकर लोगों को किया मंत्रमुग्ध!
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: जिले के माँझी बलिया मोड़ स्थित रुद्रा फर्नीचर परिसर में शनिवार की शाम अनुभव जिंदगी का सोशल मीडिया ग्रुप के तत्वावधान में इण्डियन आइडल के टॉप 5 के विजेता गायक शिवम सिंह के सम्मान में एक स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह को सम्बोधित करते हुए गायक शिवम ने कहा कि संगीत ईश्वर की साधना तथा तपस्या है। उन्होंने कहा कि सारण हमारी जन्मभूमि तथा सौराष्ट्र हमारी कर्मभूमि है। अपने जिला-जवार के लोगों ने जो प्यार दिया है, उसका मैं आजीवन ऋणी हो गया हूँ।
समारोह में शिवम ने दो गीत गाकर स्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह को सम्बोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शिवम में विनर होने के सारे गुण मौजूद हैं और वे लोग शिवम को विनर ही मानते हैं। वक्ताओं ने कहा कि संगीत के क्षेत्र में आ रही गिरावट के बीच शिवम का प्रादुर्भाव संगीत जगत को संजीवनी देने का काम करेगा। लोगों ने गायक शिवम को नित नई ऊंचाई को छूने की मंगल कामनाएं की।
इससे पहले ग्रुप के संचालक मनोज कुमार सिंह ने शिवम को गुलदस्ता तथा अतिथियों को अंगवस्त्र आदि से सम्मानित किया। समारोह को माँझी विधानसभा के पूर्व प्रत्यासी जितेन्द्र कुमार सिंह, पूर्व जिला पार्षद धर्मेन्द्र सिंह समाज, सारण जिला भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्षा पूजा शर्मा, मुखियापति उदय शंकर सिंह तथा शिक्षक क्रमशः श्याम बिहारी शुक्ल, कृष्णा सिंह एवम तारकेश्वर नन्द तिवारी आदि ने भी सम्बोधित किया। समारोह का संचालन शिक्षक रंजन शर्मा ने किया। समारोह में शिवम की माता डॉ माधुरी सिंह तथा पिता प्रो अश्विनी कुमार सिंह भी मौजूद थे।