पूरे बिहार में दिखा शिक्षकों का आक्रोश! जनगणना के बहिष्कार कर शिक्षक नियमावली को वापस लेने की एक स्वर में कर डाली मांग!
पटना (बिहार): बिहार में संयुक्त शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने सरकार के खिलाफ बिगुल बजा दिया है। बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री के द्वारा शिक्षक नियमावली 2023 को पेश करते ही बिहार के सभी नियोजित शिक्षकों ने इस पर बेहद नाराजगी जताई थी। इसको लेकर गुरुवार को पटना में बिहार के सभी शिक्षक संघों के शीर्ष नेताओं ने बैठक कर एक संयुक्त शिक्षक संघर्ष मोर्चा का गठन किया, जिसके तहत सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम भी दिया गया था कि 24 घंटे के अंदर सरकार यह शिक्षक नियमावली जल्द वापस ले तथा इसमें सुधार कर इसे पेश करें। अन्यथा की स्थिति में प्रदेश के सभी शिक्षक जनगणना कार्य का बहिष्कार कर सभी जिलों में बिहार सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।
संयुक्त शिक्षक संघर्ष मोर्चा के आदेशानुसार आज बिहार प्रदेश के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर धरना तथा प्रदर्शन किया गया। इस दौरान छपरा, सिवान तथा गोपालगंज के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर बिहार सरकार के खिलाफ प्रदर्शन देखने को मिला।
आपको बताते चलें कि इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से शिक्षक नियमावली 2023 को वापस लेने पर जोड़ दिया गया। वहीं मोर्चा के तत्वाधान में लिए गए निर्णय के अनुसार बिहार सरकार के खिलाफ प्रदर्शन देखने को मिला। वहीं आज से पूरे बिहार में जातीय आधारित जनगणना भी होनी थी, जिसको संयुक्त शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने बहिष्कार किया है।