मास्टर्स करने के लिए छपरा की सोनाली को मिला चार देशों में स्कालरशिप!
/// जगत दर्शन न्यूज़
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज सिंह: जिले के बनियापुर प्रखंड के भटवलिया गांव की निवासी रंजिता सिंह व जयप्रकाश सिंह की पुत्री सोनाली सिंह को चार अलग-अलग यूरोपीय देशों (बेल्जियम, नीदरलैंड, नॉर्वे, स्पेन और फ्रांस) से मास्टर्स की डिग्री के लिए यूरोपियन यूनियन फुली फंडेड स्कॉलरशिप (इरास्मस मुंडस स्कॉलरशिप) 2023-2025 मिली है। वह हरिहर सिंह की पौत्री हैं।
यह फेलोशिप एक देश से अधिकतम तीन छात्रों को प्रदान की जाती है। उन्हें दो कार्यक्रमों के लिए फेलोशिप मिली है। पहला इंटरनेशनल मास्टर ऑफ साइंस इन हेल्थ मैनेजमेंट इन एक्वाकल्चर और दूसरा इंटरनेशनल मास्टर्स इन मरीन एनवरमेन्ट में।
वर्तमान में वह आइसीएआर-सीआइएफई, मुंबई भारत के शीर्ष मत्स्य विज्ञान संस्थान से मास्टर की पढ़ाई कर रही है। स्कॉलरशिप अवार्ड का पत्र आते ही पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। गांव के लोग भी बेटी की सफलता पर गर्व कर रहे हैं। उसके माता पिता दरभंगा में रहते हैं। सोनाली ने अपनी सफलता का श्रेय माता–पिता व शिक्षकों को दी हैं। सोनाली ने बताया की इस मुकाम पर पहुंचने के लिए काफी परिश्रम किया। स्कूल से लेकर विश्वविद्यालय तक और अंत में दोस्तों ने भी सक्षम बनाने में योगदान किया।