पूर्व मुखिया के हत्या के मामले में जदयू विधायक रामबालक सिंह गिरफ्तार!
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर में हुए पूर्व मुखिया और उनके सहयोगी की हत्या के बाद से फरार आरोपी विभूतिपुर के पूर्व विधायक रामबालक सिंह को सारण जिला पुलिस की स्पेशल टीम ने छपरा स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। नेपाल भागने के दौरान जदयू के पूर्व विधायक की गिरफ्तारी हुई है। पूर्व विधायक मुजफ्फरपुर में संपर्क क्रांति ट्रेन में सवार हुए थे और गोरखपुर उतर कर नेपाल जाते, लेकिन इससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल उन्हें छपरा के एक थाने में रखा गया है। रेल पुलिस के अनुसार 12562 डाउन के कोच A1 में सफर करने के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि हत्या के अभियुक्त ट्रेन से सफर कर रहे हैं। जैसे ही ट्रेन छपरा जंक्शन पर रुकी रेल पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
इस मामले में स्पेशल पुलिस टीम ने आरोपी पूर्व विधायक के भाई लालबाबू सिंह को दिल्ली से पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। विभूतिपुर थाना क्षेत्र के मदीहा ब्रह्म स्थान के पास अपराधियों ने सिंघिया बुजुर्ग दक्षिण पंचायत के पूर्व मुखिया सुरेंद्र प्रसाद सिंह और उनके सहयोगी सत्यनारायण महतो पर चिमनी पर जाने के क्रम में अचानक हमला कर उन्हें गोली से छलनी कर दिया था। हत्या के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया था। इसके साथ ही पूर्व विधायक रामबालक सिंह, उनके भाई लाल बाबू सिंह समेत छह लोगों पर मामला दर्ज किया था।