पति के इंतेजार में पत्नी हुई बेशुद्ध! घर पहुंचा जब शव, मचा कोहराम!
सारण (बिहार): पास्ता बना कर रखना आकर पास्ता का ही नाश्ता करूंगा। गुरुवार की शाम लगभग चार बजे अपनी पत्नी से अंतिम बार फोन पर कहने के बाद बेलगाम ट्रक की टक्कर में असमय काल के गाल में समा गया मांझी के डुमाइगढ़ निवासी सुशांत सिंह उर्फ बिट्टू। शुक्रवार की सुबह छपरा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद जब शव डुमाईगढ़ दरवाजे पर पहुंचा तो कोहराम मच गया। मृतक की वृद्ध माता गायत्री देवी तथा गर्भवती पत्नी पूजा देवी शव के साथ लिपट कर रोते-रोते बेहोश हो जा रही थी। वहाँ मौजूद गांव की महिलाएँ उन्हें संभालने में लगी थी।
बताते चलें कि गुरुवार को जिले के दरियापुर में ट्रक की टक्कर में बाइक सवार डुमाईगढ़ गांव के सुशांत सिंह की मौके पर हीं मौत हो गई थी। जबकि गम्भीर रूप से जख्मी मांझी के सलेमपुर निवासी राजन कुमार पटना के रुबन हॉस्पिटल में अभी जीवन और मौत से जूझ रहा है। मृतक सुशांत की शादी गत वर्ष 18 मई को सिवान के बसंतपुर निवासी पूजा कुमारी से हुई थी। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। मृतक वेदावाग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में सर्वेयर का काम करता था। उसी सिलसिले में वह गुरुवार को दरियापुर गया था। उधर उक्त दुर्घटना में गम्भीर रूप से जख्मी राजन कुमार के दरवाजे पर शुक्रवार से प्रस्तावित अखण्ड अष्टयाम को स्थगित कर दिया गया है। शुक्रवार की सुबह स्थानीय श्मसान घाट पर मृतक का दाह संस्कार सम्पन्न हो गया। मुखाग्नि उसके वृद्ध पिता बबन सिंह ने दी। मौके पर माँझी विधानसभा के पूर्व प्रत्यासी राणा प्रताप उर्फ डब्ल्यु सिंह, मुखिया प्रतिनिधि शैलेश्वर मिश्रा, शैलेन्द्र उपाध्याय, पूर्व जिला पार्षद धर्मेन्द्र सिंह समाज, राजू गुप्ता, जदयू नेता निरंजन सिंह आदि समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।