माँझी इंटर कॉलेज से 9 लाख रुपये की अवैध निकासी
मांझी (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: छपरा जिले के मांझी इंटर कॉलेज के निवर्तमान प्रचार्य सहित कॉलेज के अन्य पांच कर्मचारियों पर महाविद्यालय के खाते से 9 लाख रुपये की अवैध निकासी कर लिए जाने का एक मामला प्रकाश में आया है। इस सम्बंध में वर्तमान प्राचार्य सह सचिव सत्य प्रकाश प्रसाद ने मांझी थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई है।प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की अनुसंधान कर नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
दर्ज प्राथमिकी में वर्तमान सचिव सह प्रचार्य ने आरोप लगया है कि कॉलेज के खाता पंजाब नेशनल बैंक मांझी के डुमरी शाखा में संचालित खाता संख्या 1553000100197386 तथा 1553000100220142 से नौ लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली गई हैं। महाविद्यालय के कनीय व्यख्याता हरेंद्र कुमार सिन्हा ने गलत तरीके से असल तथ्यों को छिपाते हुए प्राचार्य का पद हासिल कर लिया था। छपरा के डीएम ने महाविद्यालय के पैसों की लूट खसोट को बचाने के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी माध्यमिक शिक्षा सारण सह-संयोजक मांझी इंटर कालेज को निर्देश था कि कॉलेज के प्राचार्य के संबंध में जिला अपीलीय प्राधिकार के समक्ष दाखिल वाद के निर्णय तक यथास्थिति बनाए रखें। आदेश की प्रति जिला कार्यक्रम पदाधकारी ने प्राचार्य सह सचिव हरेंद्र कुमार सिन्हा का भेजा था। आदेश पत्र मिलते ही हरेंद्र कुमार सिन्हा ने महाविद्यालय की राशि लगभग 9 लाख रुपया निकाल कर उसका व्यक्तिगत उपयोग कर लिया। साथ ही महाविद्यालय की आलमारी की चाभी का गुच्छा लेकर फरार हो गए। दर्ज प्राथमिकी में यह कहा गया है कि हरेंद्र कुमार सिन्हा कुछ अवांछित असामाजिक तत्वों को महाविद्यालय में भेज कर दहशत फैला रहे हैं। इसके अलावा श्री सिन्हा महाविद्यालय के कई महत्वपूर्ण कागजात के अलावा लैपटॉप पिंटर लेकर फरार है।प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की गहन अनुसंधान कर रही है।