पटाखे से लगी आग से हजारों की संपत्ति राख
दाउदपुर (बिहार) संवाददाता सुनील तिवारी: छपरा जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र के जैतपुर अस्सी विगहा यादव टोली में गुरुवार की दोपहर घर में अचानक आग लगने से अफरा तफरी मच गयी। स्थानीय लोगों के तत्परता व सहयोग से उक्त आग पर काबू पाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार यादव टोली निवासी सुरेश राय अपने मकान पर धान के पेटारी रखे थे। छठ पूजा से लौटने के बाद लोग प्रसाद ग्रहण कर अपने दैनिक कार्यो में लगे थे। तभी अचानक दोपहर के करीब ढाई बजे के आसपास मुहल्ले के बच्चों ने पटाखे छोड़े, जिनकी चिंगारी पुआल (पेटारी) के गाज पर गिरी और आग लग गई। देखते ही देखते घर को अपने आगोश में ले लिया। अचानक उठी आग की लपटें व धुंआ से आसपास के लोगों में भगदड़ मच गया। ग्रामीणों ने विभिन्न बर्तनों के सहारे आग पर कठिन प्रयास से काबू पाया। परंतु तब तक घर में रखे छः बोरी धान समेत कई जरूरी व कीमती समान जलकर राख हो गए। वहीं मकान के खुले जगहों पर घासफूस की पलानी भी जलकर नष्ट हो गयी। पीड़ित सुरेश ने बताया कि घर मे रखे हजारों रुपये मूल्य की संपत्ति समेत मजदूरी कर लाये गए खेतों से इकट्ठा किये गए अनाज भी जलकर नष्ट हो गया। समय से लोगों ने आगपर काबू नही पाया होता तो आसपड़ोस के कई घर भी चपेट में आ जाते। स्थानीय लोगों ने बताया कि आर्थिक कड़की के बीच गरीब परिवार के जले आशियाना से परिवार में मयूसी छा गयी है।