माँझी: पैक्स अध्यक्ष पर घोर धांधली का लगा आरोप
मांझी (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: छपरा जिले के माँझी प्रखंड अधीन कौरुधौरु के पैक्स अध्यक्ष पर धान की अधि-प्राप्ति में घोर धांधली बरतने का मामला सामने आया है। मुखिया प्रतिनिधि उदय शंकर सिंह ने कौरुधौरु पैक्स अध्यक्ष पर धान की अधि-प्राप्ति में मनमानी व धांधली बरतने का गम्भीर आरोप लगाते हुए एक आवेदन मांझी बीडीओ को दिया तथा मामले की जांच की मांग किया है। आवेदन में कहा गया है कि छोटे किसान जिनकी क्षमता 10 क्विंटल तक धान बेचने की है, उनसे तथा जो लोग खेती करते ही नही, उनके नाम पर भी 100 क्विंटल तक की धान की खरीदारी दिखाई जा रही है। एक हीं परिवार के चार से पांच लोगों के नाम पर भी धान की खरीदारी दिखाई जा रही है। धान की खरीदारी में वैसे किसानों के नाम भी है जो जनवितरण से राशन का उठाव करते हैं। ये सारे तथ्य धान की अधि-प्राप्ति में घोर धांधली को दर्शाते हैं। उन्होंने इस मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।