राष्ट्रीय पोषण अभियान के तहत पौधारोपण
मांझी(संवाददाता वीरेश सिंह): छपरा जिले मांझी प्रखंड के पिलुई गांव स्थित कन्या प्राथमिक विद्यालय के परिसर में राष्ट्रीय पोषण अभियान के तहत आयोजित पोषण आधारित गतिविधियों के अंतर्गत प्रधानाध्यापिका अनिता कुमारी ने मंगलवार को विद्यालय के बच्चों के साथ पौधारोपण किया गया। इस कार्यक्रम में बच्चों को संबोधित करते हुए शिक्षक सह पूर्व केआरपी मुकेश कुमार ने कहा कि स्वस्थ जीवन एवं स्वस्थ वातावरण के लिए पौधारोपण को बढ़ावा देना अतिआवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को भोजन में पौष्टिक आहार फल-सब्जी आदि के सेवन पर अधिक जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह तभी संभव होगा जब पोषक तत्वों से भरपूर शाक-सब्जियों की खेती के साथ फलदार पेड़-पौधों को भी लगाया जाए। उन्होंने पर्यावरण को हरा-भरा बनाये रखने के लिए मिश्रित वृक्षारोपण पर भी बल दिया। इसके पश्चात शिक्षिका रीता कुमारी ने भी अपने विचार प्रकट किया। मौके पर विद्यालय के सभी बच्चे मौजूद थे।