दाउदपुर थानाध्यक्ष ने शिक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह को किया सम्मानित
मांझी(संवादाता वीरेश सिंह): दाउदपुर थानाध्यक्ष विश्मोहन राम ने शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए सेवानिवृत शिक्षक राजेन्द्र प्रसाद सिंह को उनके दुमदुमा गांव स्थित आवास पर दल-बल के साथ पहुंच कर सम्मानित किया। शिक्षक श्री सिंह को सम्मानित करने के पश्चात थानाध्यक्ष ने कहा कि शिक्षक विद्यालय के बच्चों के ही नही बल्कि समाज के भी मार्गदर्शक होते हैं। उनके ऊपर बच्चों के भविष्य संवारने से लेकर समाज एवं राष्ट्र के उत्थान एवं नव-निर्माण की जिम्मेवारी होती है। माता-पिता के बाद दुनिया में अगर किसी व्यक्ति का स्थान है तो वे गुरु हैं। वहीं उन्होंने कहा कि अगर बच्चों को किताबी समेत सही व्यवहारिक शिक्षा मिले तभी वह अपने परिवार, समाज, क्षेत्र व राष्ट्र का नाम रौशन कर सकता है। समाज शिक्षित होगा तो उसमें रहने वाले लोगों को उचित और अनुचित कदम की पहचान होगी। वह कभी भी कोई अपराध नही करेगा। समाज शांति के साथ विकास के मार्ग पर अग्रसर होगा। मेरा मानना है कि हर व्यक्ति को विज्ञान, विधान एवं संविधान का ज्ञान होना चाहिए।
जानकारी के अनुसार सेवानिवृत शिक्षक राजेन्द्र प्रसाद सिंह संवेदना प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय दाउदपुर से अभी कुछ वर्ष पहले हीं रिटायर हुए हैं। उनके द्वारा लिखित पुस्तक "प्राथमिक विज्ञान" वर्ग 7 एवं "सरल रसायन" वर्ग 8 में पढ़ाई जाती है। सेवानिवृति के बाद भी राजेन्द्र प्रसाद सिंह बच्चों एवं समाज का मार्गदर्शन करते रहते हैं। मौके पर अन्य कई पुलिस अधिकारी एवं पुलिस-कर्मी मौजूद थे।