ताजपुर चौक पर नवयुवक संघ ने लगाया विशाल भंडारा, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
सती स्थान नवयुवक संघ की पहल, सप्तमी से दशमी तक प्रतिदिन चलेगा भंडारा
सारण (बिहार): सारण जिले के मांझी प्रखंड अंतर्गत ताजपुर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर नवयुवक संघ सती स्थान ताजपुर की ओर से ताजपुर चौक पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
नवयुवक संघ के सदस्यों ने बताया कि भंडारे का आयोजन नवरात्र की सप्तमी तिथि से शुरू हुआ है, जो दशमी तक प्रतिदिन जारी रहेगा। इस दौरान श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा।
भंडारे के सफल संचालन में संघ के सदस्य कृष्ण कुंदन, संकेत सिंह, कुंदन सिंह, अमरेश सिंह और सौरभ सिंह का विशेष योगदान रहा। आयोजन में संघ के अन्य सदस्यों ने भी सहयोग किया। नवरात्र के दौरान आयोजित इस भंडारे से क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और सामाजिक सहभागिता का माहौल बना हुआ है।

