मांझी के डुमरी में दुर्गा पूजा पर हो रहा पारंपरिक भव्य रामलीला का आयोजन
श्रीराम, सीता और लक्ष्मण के वन गमन प्रसंग का मंचन देख भावविभोर हो रहे दर्शक, केवट-श्रीराम संवाद बना आकर्षण का केंद्र
सारण (बिहार): मांझी प्रखंड के डुमरी गांव में दुर्गा पूजा के अवसर पर हर साल की परंपरा के अनुसार इस बार भी भव्य रामलीला का आयोजन किया गया है। नवयुवक दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम को देखने के लिए प्रतिदिन ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ रही है। आकर्षक झांकियों और जीवंत मंचन के माध्यम से रामायण के विभिन्न प्रसंगों को प्रस्तुत किया जा रहा है।
इसी क्रम में श्रीराम, सीता और लक्ष्मण के वन गमन प्रसंग का मंचन किया गया। वन गमन के दौरान नदी पार करने के लिए जब श्रीराम अपनी पत्नी सीता और भाई लक्ष्मण के साथ नदी तट पर पहुंचते हैं, तो केवट और श्रीराम के बीच का संवाद दर्शकों को भावविभोर कर देता है।
केवट की श्रीराम के चरण पखारने की जिद और प्रभु के प्रति उसकी अनन्य भक्ति का दृश्य दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण बना हुआ है। पारंपरिक शैली में प्रस्तुत रामलीला के माध्यम से ग्रामीणों को धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।

