ताजपुर में लिटिल डांस चैंप 2026 का भव्य आगाज, भक्ति गीतों पर बच्चों ने बिखेरा जलवा
बड़ी दुर्गा महारानी पूजा समिति के आयोजन में नवदुर्गा स्वरूप की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र, नृत्य प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने बजाईं तालियां
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड क्षेत्र के ताजपुर में बड़ी दुर्गा महारानी पूजा समिति के तत्वावधान में रविवार की शाम लिटिल डांस चैंप 2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने भक्ति गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों और श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। आयोजन में सैकड़ों दर्शक और भक्तगण मौजूद रहे।
कार्यक्रम का उद्घाटन ताजपुर पंचायत के पैक्स अध्यक्ष सह पूर्व मुखिया सुरेंद्र कुमार सिंह, मांझी प्रखंड के पूर्व उपप्रमुख रामकृष्ण सिंह और अधिवक्ता अजय कुमार सिंह ने फीता काटकर किया। इसके बाद बीकेबी हाईटेक स्कूल, ताजपुर के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने नवदुर्गा के नौ स्वरूपों की झांकी प्रस्तुत की। झांकी के बाद आदित्य गुप्ता ने यजमान के रूप में देवी की आरती की। इस आयोजन में शिक्षिका स्वीटी सिंह, पिंकी कुमारी और अनुष्का कुमारी की देखरेख में बच्चों ने भाग लिया।
इसके बाद स्वीटी कुमारी के भक्ति गीतों के साथ लिटिल डांस चैंप का आगाज हुआ। उनकी शानदार प्रस्तुति पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। उन्हें नगद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित भी किया गया। प्रतियोगिता में कृति कुमारी, ऋषि गुप्ता, शिवानी कुमारी, सृष्टि कुमारी सहित दर्जनों प्रतिभागियों ने भक्ति गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
मंच संचालन कर रहे शिक्षक बीके भारतीय ने बताया कि यह नृत्य प्रतियोगिता दो दिवसीय है। सोमवार को दूसरे राउंड की प्रस्तुतियां होंगी। इसके बाद प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन कर विजेताओं को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल संचालन में समिति के सदस्य अमित गुप्ता, राकेश गुप्ता, प्रिंस गुप्ता, आशीष गुप्ता सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

