लिच्छवी एक्सप्रेस में गर्भवती महिला की बिगड़ी तबीयत, मऊ स्टेशन पर रेलवे कर्मचारियों ने पहुंचाई त्वरित मदद
मुख्य टिकट निरीक्षक राम प्रभाव यादव ने तत्काल एंबुलेंस की कराई व्यवस्था, महिला को जिला महिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
मऊ (उत्तर प्रदेश): पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के कर्मचारियों ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए लिच्छवी एक्सप्रेस में यात्रा कर रही एक गर्भवती महिला को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने पर मऊ स्टेशन पर तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था की गई और उसे जिला महिला अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार 19 अक्टूबर 2026 को गाड़ी संख्या 14005 सीतामढ़ी-आनंद विहार टर्मिनल लिच्छवी एक्सप्रेस में बेल्थरा रोड से अपने पति के साथ यात्रा कर रही 22 वर्षीय गर्भवती महिला सपना की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल से मिलते ही मऊ स्टेशन पर तैनात मुख्य टिकट निरीक्षक राम प्रभाव यादव सक्रिय हो गए। उन्होंने बिना देर किए एंबुलेंस की व्यवस्था कराई।
उपनिरीक्षक विकास यादव और हेड कांस्टेबल कमलेश यादव के सहयोग से महिला को तत्काल जिला महिला अस्पताल, मऊ पहुंचाया गया, ताकि उसे आवश्यक चिकित्सा सहायता मिल सके।
रेलवे कर्मचारियों की तत्परता और संवेदनशीलता के कारण महिला को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद मिली। इस त्वरित कार्रवाई के लिए महिला के परिजनों ने रेल कर्मचारियों और रेल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया तथा उनके कार्य की सराहना की।
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार, यह कार्रवाई मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में यात्रियों को बेहतर सेवा देने के प्रयासों का हिस्सा है।

