सिसवन में पहली बार रैयतों को मिला सर्वे खतियान का प्रारूप, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी ने अपने हाथों से सौंपे दस्तावेज
रामगढ़ पंचायत सरकार भवन में मेंहदार और चंद्रपूरा मौजे के रैयतों के बीच हुआ वितरण, त्रुटियों में सुधार के लिए प्रपत्र-8 जमा करने की दी गई जानकारी
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के रामगढ़ पंचायत अंतर्गत पंचायत सरकार भवन में पहली बार विशेष भूमि सर्वेक्षण के तहत तैयार सर्वे खतियान के प्रारूप का वितरण रैयतों के बीच किया गया। इस दौरान मेंहदार और चंद्रपूरा मौजे के रैयतों को उनके खतियान का प्रारूप सौंपा गया। बिहार सरकार की ओर से चलाए जा रहे विशेष भूमि सर्वेक्षण अभियान के तहत जमीन का नए सिरे से सर्वेक्षण कराया जा रहा है। इसी क्रम में सिसवन प्रखंड में पहली बार किसी मौजे के रैयतों को खतियान का प्रारूप उपलब्ध कराया गया।
इस अवसर पर आयोजित विशेष सर्वे शिविर में जिला बंदोबस्त पदाधिकारी सुजीत कुमार स्वयं पहुंचे। उन्होंने रैयतों को बुलाकर अपने हाथों से एक-एक कर खतियान का प्रारूप सौंपा। जिला बंदोबस्त पदाधिकारी की मौजूदगी में दस्तावेजों का वितरण होने से रैयतों में उत्साह देखा गया।
शिविर के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि मेंहदार मौजे में कुल चार रैयतों की जमीन है। इसमें बाबा महेंद्र नाथ की लगभग 151 एकड़ जमीन, उपाध्याय परिवार की लगभग 75 डिसमिल तथा भगत धानुक के परिवार की लगभग 75 डिसमिल जमीन शामिल है।
खतियान की अच्छी तरह जांच करने की अपील
जिला बंदोबस्त पदाधिकारी सुजीत कुमार ने रैयतों को स्पष्ट किया कि उन्हें दिया गया खतियान अभी केवल प्रारूप है, अंतिम खतियान नहीं। इसलिए सभी रैयत अपने दस्तावेज में दर्ज नाम, पिता का नाम, खाता नंबर, खेसरा नंबर, जमीन का रकबा और जमीन की चौहद्दी का अच्छी तरह मिलान कर लें। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों की जांच करना बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में जमीन से संबंधित किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
त्रुटि मिलने पर प्रपत्र-8 में दें आवेदन
जिला बंदोबस्त पदाधिकारी ने कहा कि यदि किसी रैयत को अपने खतियान के प्रारूप में किसी भी प्रकार की त्रुटि दिखाई देती है, तो उसे घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार ने त्रुटियों के सुधार के लिए प्रपत्र-8 की व्यवस्था की है। संबंधित रैयत अपनी आपत्ति और त्रुटि का विवरण प्रपत्र-8 में भरकर जमा कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक सुधार किया जाएगा।
रैयतों में दिखा उत्साह, सुबह से जुटे लोग
खतियान के प्रारूप के वितरण को लेकर रैयतों में काफी उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में बुजुर्ग, किसान और महिलाएं सुबह से ही पंचायत सरकार भवन पहुंचने लगे थे। लोग अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। खतियान का प्रारूप मिलने के बाद रैयतों के चेहरे पर संतोष दिखाई दिया।
इस मौके पर सिसवन के अंचल अधिकारी उदयन सिंह, सर्वे कानूनगो, अमीन, पंचायत के जनप्रतिनिधि तथा राजस्व विभाग के कई कर्मी उपस्थित रहे।

