मांझी में कुत्ते को बचाने में अनियंत्रित होकर गिरी बाइक, एक महिला गंभीर रूप से जख्मी
छपरा-मांझी मुख्य मार्ग पर दुर्गापुर गांव के समीप हुआ हादसा, घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर किया गया
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: छपरा-मांझी मुख्य मार्ग पर सोमवार को दुर्गापुर गांव के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक के सामने अचानक आवारा कुत्ता आ जाने से चालक ने ब्रेक लगाया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई, जबकि बाइक चालक को मामूली चोटें आईं।
घायल महिला की पहचान आशा कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह मांझी के फतेहपुर स्थित अपने मायके से छपरा के ब्रह्मपुर स्थित अपने ससुराल जा रही थीं। बाइक उनका भतीजा रौशन कुमार चला रहा था। दोनों दुर्गापुर गांव के समीप पहुंचे ही थे कि अचानक एक आवारा कुत्ता बाइक के सामने आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में चालक ने ब्रेक लगाया, लेकिन बाइक फिसलकर सड़क पर गिर गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को सड़क से उठाया और मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. प्रवीण रंजन ने घायल महिला का प्राथमिक उपचार किया।
महिला के सिर और पैर में गंभीर चोटें आने के कारण चिकित्सक ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, बाइक चला रहे रौशन कुमार को मामूली चोटें आई हैं।
#ManjhiNews #ChhapraNews #SaranNews #BiharNews #RoadAccident #ManjhiAccident #ChhapraManjhiRoad #WomanInjured #RoadSafety #StrayDog #BiharBreakingNews #SadarHospitalChhapra #CHCManjhi #JagatDarshanNews

