मसरख अमृत भारत स्टेशन समेत कई स्टेशनों पर मिलीं कमियां, डीआरएम ने व्यवस्था दुरुस्त करने का दिया निर्देश
हाईमास्ट लाइट ठीक करने, साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं में सुधार पर जोर, संरक्षा उपकरणों को हमेशा कार्यशील रखने की हिदायत
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने गुरुवार को छपरा कचहरी-थावे रेलखंड के मसरख अमृत भारत स्टेशन समेत विभिन्न स्टेशनों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म, प्रकाश व्यवस्था, सर्कुलेटिंग एरिया, शौचालय और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। विशेष रूप से सर्कुलेटिंग एरिया में लगे हाईमास्ट लाइट को दुरुस्त करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
मसरख स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीआरएम ने शेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने सिधवलिया में निर्माणाधीन गुड्स शेड का भी निरीक्षण किया और विकास कार्यों में गुणवत्ता तथा समयबद्धता बनाए रखने पर बल दिया।
संरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता जांची
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन मास्टर और पॉइंट मैन से ट्रेन परिचालन तथा संरक्षा नियमों की जानकारी ली। उन्होंने पैनल इंटरलॉकिंग, डाटा लॉगर, आपातकालीन बटन, संकेतक एवं डिस्प्ले, संचार उपकरण, समपार फोन और अग्निशमन यंत्रों की कार्यशीलता की जांच की। कर्मचारियों की योग्यता और तत्परता का आकलन करने के साथ संबंधित रजिस्टरों का भी अवलोकन किया।
डीआरएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी संरक्षा उपकरण हमेशा कार्यशील स्थिति में रहें और परिचालन नियमों का सख्ती से पालन किया जाए। किसी भी तकनीकी कमी को नजरअंदाज नहीं करने तथा यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों को दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया।
इन स्टेशनों का भी हुआ निरीक्षण
मंडल रेल प्रबंधक ने मसरख के अलावा खैरा, पटेरही, मढ़ौरा, समपार संख्या 18सी और 26सी, शामकौड़िया, राजापट्टी, दिघवारा, दुबौली, सिधवलिया, रतनसराय, मांझागढ़ और गोपालगंज स्टेशनों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यात्री सुविधाओं, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और संरक्षा मानकों में लगातार सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर ब्रह्मानंद, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर-द्वितीय अमित मणि त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बालेन्द्र पाल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और वरिष्ठ पर्यवेक्षक मौजूद रहे।
#MasrakhStation #ChhapraNews #SaranNews #BiharNews #IndianRailways #RailwayInspection #PassengerFacilities #RailwaySafety #AmritBharatStation #NorthEasternRailway

