छपरा के विकास कार्यों में तेजी लाने की पहल, विधायक छोटी कुमारी ने बुडको एमडी अनिमेष पराशर से की मुलाकात
अधूरी सड़कों, जलजमाव और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का मुद्दा उठाया, लंबित योजनाओं को प्राथमिकता से पूरा कराने का किया आग्रह
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: छपरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक छोटी कुमारी ने शहर की शहरी आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और लंबित विकास योजनाओं को गति देने के उद्देश्य से बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड बुडको के प्रबंध निदेशक अनिमेष पराशर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छपरा में बुडको की ओर से संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की स्थिति पर चर्चा की। साथ ही आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान विधायक ने खनुआ नाला निर्माण, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज परियोजना, फुटपाथ निर्माण और शहर के विभिन्न मोहल्लों में अधूरे पड़े विकास कार्यों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि छपरा शहर की जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करना, सड़कों की स्थिति में सुधार करना और सभी विकास योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना जरूरी है, ताकि आम लोगों को इनका वास्तविक लाभ मिल सके।
खनुआ नाला निर्माण में देरी और गुणवत्ता की जांच की मांग
विधायक छोटी कुमारी ने खनुआ नाला परियोजना में हो रही देरी तथा निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सामने आ रही शिकायतों की उच्चस्तरीय तकनीकी और वित्तीय जांच कराने का आग्रह किया। उन्होंने नाले की ढलाई, लेवलिंग और अलाइनमेंट की जांच कराकर जलनिकासी व्यवस्था को सुचारू बनाने पर जोर दिया।
प्रभुनाथ नगर में जलजमाव का मुद्दा उठाया
विधायक ने प्रभुनाथ नगर में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज परियोजना के बावजूद जलजमाव की समस्या बने रहने पर चिंता जताई। उन्होंने संबंधित कंपनी की ओर से कराए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता और नियमों के विपरीत पेटी कॉन्ट्रैक्ट दिए जाने संबंधी शिकायतों की जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जलजमाव से प्रभावित लोगों को राहत दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए और निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
फुटपाथ निर्माण में गुणवत्ता और सुरक्षा पर जोर
राजकीय बालिका उच्च विद्यालय के समीप फुटपाथ और पेवर ब्लॉक निर्माण में गुणवत्ता, समतलीकरण तथा सुरक्षा मानकों से जुड़ी शिकायतों को भी विधायक ने बुडको के प्रबंध निदेशक के समक्ष रखा। उन्होंने छात्राओं, पैदल यात्रियों और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्यों का तकनीकी निरीक्षण कराने और आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
लंबित विकास योजनाओं को जल्द पूरा कराने की मांग
विधायक छोटी कुमारी ने मुख्यमंत्री समग्र योजना के अंतर्गत शिलान्यास के बाद अधूरे पड़े कटहरी बाग रोड, पीर बाबा रोड, राजा रोड, मासूमगंज सहित अन्य मोहल्लों के विकास कार्यों को शीघ्र शुरू कराने और पूरा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित योजनाओं के कारण स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कर इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए।
सभी परियोजनाओं की समीक्षा कराने का आग्रह
विधायक ने बुडको के प्रबंध निदेशक से छपरा नगर निगम क्षेत्र में संचालित सभी चालू और लंबित परियोजनाओं की समीक्षा कराने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच करने तथा निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही प्रमाणित होती है, तो संबंधित संवेदकों और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
विधायक छोटी कुमारी ने कहा कि छपरा का विकास, बेहतर सड़कें, सुचारू जलनिकासी और गुणवत्तापूर्ण शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर जनसमस्याओं का समाधान कराने और विकास योजनाओं को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

