बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए विधायक छोटी कुमारी की पहल, मुख्यमंत्री राहत कोष में दिया एक माह का वेतन
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलकर छपरा के विकास से जुड़े कई मुद्दे उठाए, रिविलगंज-सिताबदियारा पीपा पुल के शीघ्र निर्माण का मिला आश्वासन, पौराणिक स्थलों को राम सर्किट से जोड़ने की मांग
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: छपरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक छोटी कुमारी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर मुख्यमंत्री राहत कोष में अपने एक माह के वेतन का चेक सौंपा। उन्होंने यह राशि बाढ़ सहित विभिन्न आपदाओं से प्रभावित जरूरतमंद परिवारों की सहायता के उद्देश्य से दी। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान विधायक ने छपरा के विकास, यातायात व्यवस्था, जलजमाव, किसानों की समस्याओं और प्राचीन धार्मिक एवं पौराणिक स्थलों के संरक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।
रिविलगंज-सिताबदियारा पीपा पुल के शीघ्र निर्माण की मांग
विधायक छोटी कुमारी ने रिविलगंज से सिताबदियारा के बीच पीपा पुल का निर्माण शीघ्र कराने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि पुल बनने से दोनों क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और आपसी संपर्क बेहतर होगा।
इस पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शीघ्र निर्माण की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि पुल निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार कराने के उद्देश्य से संबंधित विभाग को भेजा जा रहा है। मुख्यमंत्री के आश्वासन से क्षेत्र के लोगों में पीपा पुल के निर्माण की उम्मीद बढ़ी है।
रामायण काल से जुड़े पौराणिक स्थलों को राम सर्किट से जोड़ने की मांग
विधायक ने छपरा विधानसभा क्षेत्र और आसपास के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व वाले स्थलों के संरक्षण, विकास और सौंदर्यीकरण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने भगवान हनुमान जी के ननिहाल, गौतम ऋषि स्थान, अहिल्या उद्धार स्थल और श्रृंगी ऋषि आश्रम जैसे रामायण काल से जुड़े पौराणिक स्थलों के समग्र विकास की मांग की।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इन स्थलों का संरक्षण और सौंदर्यीकरण कर इन्हें पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाए। साथ ही, इन प्राचीन धार्मिक स्थलों को राम सर्किट में शामिल करने की दिशा में आवश्यक पहल की जाए।
विधायक ने कहा कि इन स्थलों का समुचित विकास होने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इससे क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के अवसर भी बढ़ सकते हैं।
छपरा की यातायात व्यवस्था सुधारने का मुद्दा उठाया
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान विधायक ने छपरा में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए जगदम कॉलेज रेलवे ढाला पर रेल ओवरब्रिज बनाने की मांग की। इसके अलावा भिखारी ठाकुर रेलवे ढाला, गड़खा ढाला और रामनगर ढाला से जुड़ी समस्याओं के समाधान का आग्रह किया।
उन्होंने छपरा से पटना के बीच दो जोड़ी नई पैसेंजर या इंटरसिटी ट्रेनों का परिचालन शुरू कराने की मांग भी रखी। साथ ही, ब्रह्मपुर रेलवे ढाला संख्या 53 पर सिग्नल को लगभग 100 मीटर आगे स्थानांतरित करने की तकनीकी संभावना की जांच कराने का अनुरोध किया।
जलजमाव और अधूरी विकास योजनाओं पर जताई चिंता
छपरा शहर में प्रत्येक वर्ष होने वाले जलजमाव की समस्या को गंभीरता से उठाते हुए विधायक ने रेलवे लाइन के किनारे स्थित मुख्य जलनिकासी नालों की सफाई, उड़ाही और मरम्मत कराने की मांग की। उन्होंने रेलवे अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने का आग्रह किया।
विधायक ने बुडको की अधूरी विकास योजनाओं, खनुआ नाला और स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज परियोजना का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और कथित अनियमितताओं की जांच कराने तथा लंबित योजनाओं को शीघ्र पूरा करने की मांग की, ताकि शहरवासियों को जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके।
सिताबदियारा के प्रभावित परिवारों और किसानों की समस्याएं उठाईं
विधायक छोटी कुमारी ने सिताबदियारा क्षेत्र में तटबंध निर्माण के दौरान आ रही बाधाओं का समाधान निकालने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के घरों को उजाड़े बिना तटबंध निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने सिताबदियारा और दक्षिणवारी चक्की क्षेत्र के किसानों की भूमि के वर्गीकरण, टोपो लैंड घोषित किए जाने और लगान में लगभग सात गुना वृद्धि से जुड़ी समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने इन मामलों की निष्पक्ष जांच कराकर प्रभावित किसानों को न्याय दिलाने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री राहत कोष में दिया एक माह का वेतन
बाढ़ सहित विभिन्न आपदाओं से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए विधायक ने मुख्यमंत्री राहत कोष में अपने एक माह के वेतन का चेक सौंपा। इस पहल के माध्यम से उन्होंने आपदा प्रभावित लोगों के प्रति अपनी संवेदनशीलता व्यक्त की।
विधायक ने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना और संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहना उनकी प्राथमिकता है। समाज के कमजोर और आपदा प्रभावित वर्गों की मदद के लिए सभी लोगों को अपनी क्षमता के अनुसार आगे आना चाहिए।
समयबद्ध कार्रवाई से विकास को गति देने पर जोर
विधायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों, रेलवे अधिकारियों, जिला प्रशासन और नगर निगम के बीच समन्वय स्थापित कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि छपरा विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास, जनसुविधाओं में सुधार, किसानों के हितों की रक्षा, धार्मिक एवं पौराणिक विरासत का संरक्षण और आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। जनहित से जुड़े मुद्दों को सरकार के समक्ष लगातार उठाकर उनके समाधान के लिए प्रयास जारी रहेंगे।

