एक ही रात दो घरों में 30 लाख की चोरी, सोते रहे लोग और बाहर से बंद कर दिए कमरे
धेनुकी गांव में छत और पिछले दरवाजे से घुसे चोर, लाखों के गहने और नकदी ले उड़े; पुलिस गश्ती पर उठे सवाल
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के धेनुकी गांव में रविवार की रात चोरों ने एक के बाद एक दो घरों को निशाना बनाकर करीब 30 लाख रुपये मूल्य के आभूषण, नकदी, कीमती कपड़े और अन्य सामान चोरी कर लिए। वारदात के दौरान दोनों घरों के परिवार के सदस्य अंदर सोते रहे, जबकि चोरों ने उनके कमरों को बाहर से बंद कर दिया था।
एक ही रात में करीब 100 मीटर के दायरे में दो घरों में हुई बड़ी चोरी से गांव में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से सुराग जुटाने की कोशिश शुरू की।
छत के रास्ते घर में घुसे चोर
बताया जाता है कि चोरों ने सबसे पहले धेनुकी गांव निवासी उमेश राय के घर को निशाना बनाया। चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और जिस कमरे में परिवार के सदस्य सो रहे थे, उसे बाहर से बंद कर दिया।
इसके बाद चोरों ने दूसरे कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे आभूषण और अन्य कीमती सामान निकाल लिए। रात करीब 12 बजे उमेश राय शौच के लिए उठे तो उन्हें कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। दरवाजा नहीं खुलने पर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोरी की जानकारी हुई।
पीड़ित के अनुसार, चोर करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
दूसरे घर में पिछले दरवाजे से दाखिल हुए चोर
इसके बाद चोरों ने उमेश राय के घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित सुग्रीव राय के घर को निशाना बनाया। बताया जाता है कि चोर पिछले दरवाजे से घर में दाखिल हुए और सो रहे परिवार के सदस्यों के कमरे को भी बाहर से बंद कर दिया।
चोरों ने घर से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के गहने और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए और फरार हो गए।
पुलिस गश्ती पर उठे सवाल
एक ही रात में दो घरों में हुई इतनी बड़ी चोरी के बाद ग्रामीणों में पुलिस की रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि चोरों ने बेखौफ होकर दो घरों में प्रवेश किया और लाखों की संपत्ति लेकर फरार हो गए।
हालांकि, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

