हिंदी पक्षोत्सव में श्रुतिलेखन, भाषण व वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): भगवानपुर हाट के राजकीय मध्य विद्यालय, ब्रह्मस्थान में 14 से 28 सितंबर तक आयोजित हो रहे हिंदी पक्षोत्सव के तहत गुरुवार को विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वर्ग छह, सात एवं आठ के छात्र-छात्राओं ने हिंदी श्रुतिलेखन, भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रधानाध्यापक विनोद कुमार शुक्ला ने कहा कि अंग्रेजी के बढ़ते प्रभाव के कारण हिंदी भाषियों में हीनभावना विकसित हुई है। इससे उबरते हुए हिंदी के विकास और प्रसार के लिए निरंतर प्रयास करने की आवश्यकता है।
शिक्षक श्रीकांत सिंह ने भारतेंदु हरिश्चंद्र को आधुनिक हिंदी साहित्य का पितामह बताते हुए कहा कि हिंदी को ज्ञान-विज्ञान, तकनीक, एआई, रोबोटिक्स और न्याय की भाषा बनाने की दिशा में कार्य किया जाना चाहिए।
वहीं शिक्षक राजन मणि त्रिपाठी ने कहा कि किसी भी भाषा को शक्ति उसके समाज से मिलती है। हिंदी समाज को अपनी भाषा के विकास और समृद्धि के लिए और अधिक सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
प्रतियोगिताओं में चयनित छात्राओं रिया कुमारी, रितिका, अदिति, साक्षी, सोनम एवं संध्या को 28 सितंबर को विद्यालय परिवार की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा।
कार्यक्रम में शिक्षक श्रीकांत सिंह, राजन मणि त्रिपाठी, लालू प्रसाद, शिक्षिकाएं बबिता कुमारी, पुष्पा कुमारी, सुजाता कुमारी, राधिका देवी एवं निभा कुमारी सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
#HindiPakshotsav #HindiDiwas #HindiBhasha #HindiCompetition #SiwanNews #BhagwanpurHaat #Brahmasthan #SchoolNews #BiharNews #HindiNews #EducationNews #Students #HindiLanguage #HindiLiterature #SchoolNewsBihar
