सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में चुनावी प्रक्रिया तेज, 29 सितंबर से नामांकन; 23 अक्टूबर को मतदान
98 मतदान केंद्रों पर 10,743 शिक्षक मतदाता करेंगे मतदान, 27 अक्टूबर को होगी मतगणना
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: बिहार विधान परिषद के सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर चुनावी प्रक्रिया तेज हो गई है। निर्वाचन कार्यक्रम जारी होने के साथ ही क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर से 6 अक्टूबर तक नामांकन, 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। पूरी निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक संपन्न कराने का लक्ष्य रखा गया है।
निर्वाची पदाधिकारी-सह-सारण के प्रमंडलीय आयुक्त मनीष कुमार ने प्रेस वार्ता में निर्वाचन कार्यक्रम और तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 22 सितंबर को प्रेस नोट जारी होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है, जो निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने तक लागू रहेगी।
29 सितंबर से शुरू होगा नामांकन
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-सह-आयुक्त के न्यायालय कक्ष को नामांकन के लिए निर्धारित किया गया है। 29 सितंबर से 6 अक्टूबर तक अवकाश को छोड़कर कार्यालय दिवसों में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे।
नामांकन के लिए अभ्यर्थी को सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की अंतिम निर्वाचक सूची में शामिल 10 निर्वाचकों को प्रस्तावक बनाना होगा।
7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी, जबकि 9 अक्टूबर को अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।
पांच जिलों में 98 मतदान केंद्र
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत पांच जिलों में कुल 98 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
पश्चिमी चंपारण: 18
पूर्वी चंपारण: 27
गोपालगंज: 14
सिवान: 19
सारण: 20
इन मतदान केंद्रों पर कुल 10,743 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 8,885 पुरुष और 1,858 महिला मतदाता हैं।
जिलेवार मतदाताओं की संख्या में पश्चिमी चंपारण में 1,713, पूर्वी चंपारण में 1,741, गोपालगंज में 1,282, सिवान में 2,183 और सारण में सर्वाधिक 3,824 मतदाता शामिल हैं।
23 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। निर्वाचन में वैध मतपत्र के माध्यम से मतदान होगा। प्रशासन की ओर से मतपेटियों की उपलब्धता और मतदान दलों के गठन की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पांचों जिलों में तैयारियों की समीक्षा
प्रेस वार्ता से पहले निर्वाची पदाधिकारी-सह-आयुक्त मनीष कुमार ने पांचों जिलों के जिला पदाधिकारी-सह-सहायक निर्वाची पदाधिकारियों के साथ निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में मतदान दलों एवं निर्वाचन कोषांगों के गठन, राजनीतिक दलों के साथ बैठक, मीडिया समन्वय तथा अन्य व्यवस्थाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तैयारियां चलने की जानकारी दी।
प्रचार की अनुमति के लिए सिंगल विंडो सिस्टम
निर्वाचन के दौरान अभ्यर्थियों और उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं को प्रचार-प्रसार से संबंधित अनुमतियों के लिए जिला स्तर पर सिंगल विंडो सिस्टम उपलब्ध कराया जाएगा। सभा, जुलूस, लाउडस्पीकर, वाहन सहित अन्य अनुमतियों के आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों को अनुमति देने में ‘पहले आओ, पहले पाओ’ व्यवस्था का पालन करने का निर्देश दिया गया है।
27 अक्टूबर को मतगणना
27 अक्टूबर को मतगणना होगी। इसके लिए जिला मुख्यालय में उपयुक्त मतगणना केंद्र चिन्हित करने की प्रक्रिया चल रही है। प्रशासन की ओर से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी प्रक्रिया को निर्धारित समय सीमा में संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है।

