मांझी अंचल में अतिक्रमण पर प्रशासन का चला बुलडोजर, जेसीबी से हटाया गया कब्जा
सीओ रोहित कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में कार्रवाई, नोटिस के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन ने कराया मुक्त
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी अंचल में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए चिन्हित भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया। अंचलाधिकारी रोहित कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में मांझी थाना पुलिस की मौजूदगी में क्षेत्र के गोंडा गांव में जेसीबी के माध्यम से अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूरी की।
जानकारी के अनुसार, प्रखंड के गोडा गांव निवासी केदार नाथ मिश्रा द्वारा अतिक्रमण हटाने को लेकर आवेदन दिया गया था। आवेदन के आधार पर बिहार लोक भूमि अतिक्रमण अधिनियम, 1956 के तहत कार्रवाई शुरू की गई।
नोटिस के बाद भी नहीं हटाया गया अतिक्रमण
प्रशासन के अनुसार संबंधित अतिक्रमणकारियों को प्रपत्र-1 और प्रपत्र-2 में नोटिस जारी कर निर्धारित समय में अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था। निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने के बाद अंचलाधिकारी ने गुरुवार को प्रशासनिक कार्रवाई की तिथि तय की। अतिक्रमण हटाने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, सदर छपरा से महिला एवं पुरुष पुलिस बल की भी मांग की गई थी।
अंचल अमीन ने चिन्हित भूमि पर कराई कार्रवाई
निर्धारित तिथि पर अंचल अमीन आयुष कुमार पूर्व में गोडा गांव के चिन्हित भूमि पर पहुंचे। इसके बाद जेसीबी की सहायता से अतिक्रमण हटाया गया और भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया गया। प्रशासन की ओर से पूर्व में अतिक्रमणकारियों को यह भी निर्देश दिया गया था कि वे स्वयं अतिक्रमण हटा लें। ऐसा नहीं करने पर प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने में होने वाला खर्च संबंधित अतिक्रमणकारियों से वसूल किए जाने की चेतावनी दी गई थी।
स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का किया स्वागत
अतिक्रमण हटाए जाने के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत किया। मौके पर अंचलाधिकारी रोहित कुमार अग्रवाल, मांझी थाना पुलिस बल तथा संबंधित अंचल कर्मी मौजूद रहे। प्रशासन के अनुसार पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।

