75 हजार रुपये रिश्वत लेते BDO और उनका मामा रंगेहाथ गिरफ्तार, निगरानी ब्यूरो की कार्रवाई
फुल्लीडूमर प्रखंड में 26 योजनाओं के अनुमोदन और क्रियान्वयन के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप
बांका (बिहार) | 01 सितंबर 2026:
भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने बांका जिले के फुल्लीडूमर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) अमित प्रताप सिंह और उनके मामा बच्चन कुमार सिंह को 75 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी नेहरू कॉलोनी, बांका स्थित BDO के किराये के मकान से की गई।
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, यह कार्रवाई निगरानी थाना कांड संख्या 102/26, दिनांक 21 अगस्त 2026 के तहत की गई। परिवादी गौतम प्रकाश, निवासी बदलाचक, थाना बेलहर, जिला बांका ने ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी कि फुल्लीडूमर प्रखंड में 15वीं वित्त राशि से संबंधित 26 कार्य योजनाओं के अनुमोदन एवं क्रियान्वयन के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।
सत्यापन के बाद गठित किया गया धावादल
शिकायत प्राप्त होने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने उसका सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद मामला दर्ज किया गया।
अनुसंधानकर्ता विनोद कुमार, पुलिस निरीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के अनुरोध पर पुलिस उपाधीक्षक श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में धावादल गठित किया गया। धावादल ने कार्रवाई करते हुए अमित प्रताप सिंह और बच्चन कुमार सिंह को कथित रूप से 75,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
ब्यूरो के मुताबिक, बच्चन कुमार सिंह प्राथमिकी में अप्राथमिकी अभियुक्त हैं और अमित प्रताप सिंह के मामा हैं। दोनों से पूछताछ के बाद उन्हें विशेष न्यायालय, निगरानी, भागलपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की अनुसंधान कार्रवाई जारी है।
2026 में 102वां भ्रष्टाचार संबंधी मामला
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह 102वीं प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई है। इनमें यह 94वां ट्रैप संबंधी कांड है। ब्यूरो के अनुसार, कांड दर्ज होने के क्रम में अब तक कुल 95 अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है।
वर्ष 2026 में अब तक रिश्वत के रूप में कुल 35,09,800 रुपये बरामद किए जाने तथा 37 हजार रुपये कीमत की एक नई वाशिंग मशीन जब्त किए जाने की जानकारी भी ब्यूरो ने दी है।
वर्ष 2025 में कुल 101 ट्रैप कांड दर्ज किए गए थे और 37,80,300 रुपये की रिश्वत राशि बरामद की गई थी।
इस साल ट्रैप मामलों में 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी का दावा
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक औसतन 11.8 ट्रैप कांड प्रति माह दर्ज किए गए हैं, जबकि वर्ष 2025 में यह औसत 8.4 ट्रैप कांड प्रति माह था। ब्यूरो ने इसे पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 40 प्रतिशत अधिक बताया है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने कहा है कि वह भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई के लिए संकल्पित है। ब्यूरो ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी लोक सेवक यानी सरकारी पदाधिकारी या कर्मी द्वारा रिश्वत की मांग की जाती है, तो समय पर इसकी शिकायत करें।

