सारण में पुलिस टीम पर हमला, 5 पुलिसकर्मी घायल; दो आरोपी गिरफ्तार
दो पक्षों के विवाद को शांत कराने पहुंची थी डायल-112 और थाना पुलिस, सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप
छपरा, 31 अगस्त 2026
सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला किए जाने के मामले में सारण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में पांच पुलिसकर्मियों के घायल होने की बात पुलिस ने बताई है।
सारण पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त 2026 की सुबह करीब 9:28 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि संग्रामपुर गांव में दो पक्षों के बीच तनाव है और दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर मारपीट के लिए एकत्रित हैं।
सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर विवाद शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों पक्षों के लोग उग्र हो गए। घटना की सूचना मिलने पर तरैया थाना की गश्ती टीम भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस के अनुसार, विवाद को शांत कराने और दोनों पक्षों को अलग करने के दौरान दोनों पक्षों के लोग पुलिस के सामने ही आपस में मारपीट करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान पुलिस बल के साथ दुर्व्यवहार करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली गई और पुलिस टीम पर हमला किया गया। घटना में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस टीम ने तत्परता और संयम के साथ स्थिति को नियंत्रित किया तथा मौके पर विधि-व्यवस्था कायम कराई। घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल उपचार के लिए सदर अस्पताल, तरैया भेजा गया।
दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
मामले में पुलिस ने मौके से दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। इस संबंध में तरैया थाना कांड संख्या 368/26, दिनांक 30.08.2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में:
1. संतोष साह, पिता- लालबाबू साह, निवासी संग्रामपुर, थाना तरैया, जिला सारण।
2. नितेश कुमार, पिता- वीरेंद्र राय, निवासी संग्रामपुर, थाना तरैया, जिला सारण।
मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में तरैया थानाध्यक्ष एवं थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल रहे।

