छपरा में 5 घंटे तक मोबाइल टावर पर चढ़ा रहा युवक, प्रेम-प्रसंग नहीं साइबर ठगी से जुड़ा मामला
खाते में आए करीब 50 लाख रुपये, रकम निकलने के बाद साइबर फ्रॉड का नोटिस और प्राथमिकी से परेशान था युवक
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: छपरा शहर के तेलपा स्थित बिजली ऑफिस परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और करीब 5 घंटे तक टावर पर बैठा रहा। शुरुआत में लोगों को मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा होने का अंदेशा था, लेकिन युवक के नीचे उतरने के बाद सामने आया कि मामला कथित तौर पर साइबर ठगी और बैंक खाते में लेनदेन से जुड़ा है।
युवक के अनुसार, वह ऑनलाइन गेमिंग के दौरान साइबर ठगों के संपर्क में आया था। इसी दौरान उसके बैंक खाते में करीब 50 लाख रुपये की राशि आई और कुछ ही समय बाद यह रकम खाते से निकल गई। बाद में साइबर थाना की ओर से खाते में आई रकम को लेकर उसे फ्रॉड से संबंधित नोटिस मिला और उसके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कर दी गई।
प्राथमिकी से परेशान होकर टावर पर चढ़ा
युवक का दावा है कि वह स्वयं साइबर ठगी का शिकार हुआ है। उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने से परेशान और नाराज होकर वह तेलपा बिजली ऑफिस परिसर में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और घंटों वहीं बैठा रहा।
घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना प्रभारी संजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक को काफी देर तक समझाया-बुझाया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद युवक को सुरक्षित रूप से टावर से नीचे उतारा गया।
नीचे उतरने के बाद बताई पूरी आपबीती
टावर से नीचे आने के बाद युवक ने मीडिया के सामने अपनी आपबीती बताई। उसने बताया कि किस तरह वह ऑनलाइन गेमिंग और साइबर ठगों के संपर्क में आया, उसके बैंक खाते में करीब 50 लाख रुपये आए और कुछ ही समय में राशि निकल गई। इसके बाद उसे साइबर फ्रॉड से संबंधित नोटिस और प्राथमिकी का सामना करना पड़ा।
युवक ने पूरे मामले की उचित जांच कर कार्रवाई किए जाने और न्याय दिलाने की मांग की है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।

