नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबा 18 वर्षीय युवक, तलाश जारी
मांझी के नचाप गांव की घटना, मौके पर पहुंची पुलिस; ग्रामीणों ने एसडीआरएफ टीम बुलाने की मांग की
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के नचाप गांव में सोमवार को राम जानकी मंदिर के समीप स्थित छठ घाट के पास पोखरे में नहाने के दौरान एक 18 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया। देर शाम तक युवक का शव बरामद नहीं किया जा सका था। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
डूबे युवक की पहचान नचाप गांव निवासी शैलेश सिंह के पुत्र रितीश कुमार सिंह उर्फ धनु (18) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सोमवार दोपहर रितीश अपने दोस्तों के साथ राम जानकी मंदिर के समीप बने छठ घाट के पास पोखरे में नहाने गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण वह देखते ही देखते पानी में समा गया।
ग्रामीणों ने शुरू की तलाश
घटना के बाद रितीश के दोस्तों ने गांव पहुंचकर लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर से पोखरे में युवक की तलाश शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
सीओ ने लिया घटनास्थल का जायजा
सूचना मिलने पर मांझी थानाध्यक्ष बिनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहीं सीओ रोहित अग्रवाल ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से सरकारी गोताखोरों की टीम को बुलाने की बात कही गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को तत्काल बुलाया जाना चाहिए। गोताखोरों के पहुंचने में देरी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द रेस्क्यू अभियान शुरू कर युवक की तलाश कराने की मांग की है।

