दिव्यांगजनों को समय पर मिले प्रमाण पत्र, लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं : डॉ. रोहित कुमार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), मांझी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोहित कुमार ने दिव्यांगता प्रमाण पत्र से संबंधित कार्यों के त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन को लेकर महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कार्यालय आदेश के अनुसार, पूर्व में दिव्यांगता प्रमाण पत्र से जुड़े सभी कार्यों का दायित्व विन्ध्याचल कुमार के पास था। कार्यों के समय पर निष्पादन में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए अब यह जिम्मेदारी राकेश कुमार राम (बीएम एंड ईए) को सौंपी गई है।
डॉ. रोहित कुमार ने निर्देश दिया है कि सीएचसी, मांझी के अंतर्गत दिव्यांगता प्रमाण पत्र से संबंधित सभी कार्य पूरी पारदर्शिता, गंभीरता और समयबद्ध तरीके से संपन्न किए जाएं, ताकि किसी भी दिव्यांग लाभार्थी को अनावश्यक विलंब का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के महत्वपूर्ण लाभार्थी हैं और उन्हें समय पर दिव्यांगता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के प्रति सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस प्रशासनिक आदेश के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि मांझी प्रखंड में दिव्यांगता प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया अधिक सुचारु, पारदर्शी और तेज होगी, जिससे दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा।
मांझी समाचार, सारण न्यूज, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, सीएचसी मांझी, डॉ रोहित कुमार, दिव्यांग प्रमाण पत्र, स्वास्थ्य विभाग बिहार, Manjhi CHC News

