बखरी के आनंद बाग में दो दिवसीय संत मेला शुरू, उमड़ा आस्था का सैलाब
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के बखरी गांव स्थित प्रसिद्ध आनंद बाग में शुक्रवार से दो दिवसीय संत मेला विधिवत शुरू हो गया। मठाधीश जंगली बाबा के सान्निध्य में पूजा-अर्चना के साथ मेले का शुभारंभ किया गया। मेले में शामिल होने के लिए दूर-दराज के गांवों से हजारों श्रद्धालु बखरी पहुंचे हैं।
मेले को लेकर आनंद बाग की गलियों और मठ परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। चारों ओर संतवाणी, भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है। श्रद्धालु संतों की समाधि पर शीश नवाकर सुख-शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। मेला परिसर के साथ-साथ आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों पर भी निगरानी रखी जा रही है।
दो दिनों तक चलने वाले इस संत मेले में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।

