बड़ा पोखरा में डूबने से आठवीं कक्षा के छात्र की मौत, तीन घंटे की मशक्कत के बाद SDRF ने निकाला शव
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: अमनौर थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल बड़ा पोखरा में मंगलवार को नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से आठवीं कक्षा के एक छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान परसा थाना क्षेत्र निवासी 17 वर्षीय जुम्मन साईं, पिता आजाद अली साईं के रूप में हुई है। जुम्मन परसा हाई स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
जानकारी के अनुसार, जुम्मन अपने चचेरे भाई कादिर साईं के साथ स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकला था। दोनों साइकिल से करीब 11 बजे अमनौर के बड़ा पोखरा पहुंचे। पर्यटक स्थल में प्रवेश करने और नाव का शुल्क देने के बाद दोनों नाव से पोखरा में घूमने निकले। इसी दौरान जुम्मन ने नहाने के लिए नाव से पानी में छलांग लगा दी। पानी गहरा होने के कारण वह देखते ही देखते डूब गया।
जुम्मन के डूबने के बाद उसके चचेरे भाई कादिर ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। स्थानीय लोगों ने तत्काल पोखरा में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। घटना की सूचना मिलने पर अमनौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू कराई।
स्थानीय स्तर पर काफी प्रयास के बाद भी सफलता नहीं मिलने पर एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। एसडीआरएफ जवानों ने पोखरा में अभियान चलाकर करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जुम्मन के शव को पानी से बाहर निकाला। शव बरामद होते ही मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों में मातम पसर गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया। बताया जाता है कि जुम्मन तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। घटना की सूचना मिलने के बाद उसके माता-पिता भी बड़ा पोखरा पहुंचे। बेटे का शव देखकर माता-पिता और अन्य परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रसिद्ध पर्यटक स्थल बड़ा पोखरा में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यहां अक्सर छात्र-छात्राओं और युवाओं की भीड़ रहती है। ऐसे में पोखरा के आसपास लाइफगार्ड की स्थायी तैनाती, सुरक्षा चेतावनी बोर्ड और निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाना जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
बड़ा पोखरा हादसा, अमनौर पोखरा में डूबने से मौत, जुम्मन साईं मौत, सारण न्यूज़, अमनौर न्यूज, आठवीं कक्षा के छात्र की मौत, SDRF टीम, पोखरा में डूबने की घटना, बड़ा पोखरा सुरक्षा व्यवस्था

