जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए शेरही, जलालपुर, बगौड़ा और कोडारी कला में विशेष शिविर
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: दरौंदा प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से मंगलवार को दरौंदा प्रखंड की चार पंचायतों—शेरही, जलालपुर, बगौड़ा और कोडारी कला—में विशेष सहयोग शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं और मौके पर ही कई मामलों का निपटारा कराया।
विशेष शिविर में प्रखंड प्रशासन, अंचल कार्यालय, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग और समाज कल्याण विभाग के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। ग्रामीणों की सुविधा के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। इन काउंटरों पर राशन कार्ड में सुधार, आधार कार्ड अपडेशन, वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन, राजस्व से जुड़े मामलों, दाखिल-खारिज तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन लिए गए और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से ग्रामीणों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के बाद जरूरतमंद लोगों को आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। वहीं कृषि विभाग के कर्मियों एवं समन्वयकों ने किसानों को आधुनिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी दी। किसानों को सरकारी अनुदान पर उपलब्ध बीज, कृषि यंत्र एवं अन्य योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया।
मौके पर मौजूद बीडीओ शिम्पी कुमारी एवं सीओ वेदप्रकाश नारायण सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कहा कि विशेष शिविर आयोजित करने का उद्देश्य प्रशासन को सीधे ग्रामीणों के बीच पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार प्रखंड या अंचल कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसी उद्देश्य से पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ-साथ पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने भी पंचायत स्तर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों की मौजूदगी में समस्याओं के समाधान की इस पहल को उपयोगी बताया।
दरौंदा विशेष शिविर, शेरही पंचायत शिविर, जलालपुर विशेष कैंप, बगौड़ा पंचायत, कोडारी कला, जनकल्याणकारी योजनाएं, बिहार सरकारी योजना, किसान सम्मान निधि, राशन कार्ड सुधार, पेंशन योजना, दरौंदा प्रखंड

