वायनाड भूस्खलन में सारण के युवक की मौत, मलबे से मिला शव; छह माह की मासूम बेटी के सिर से उठा पिता का साया
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: केरल के वायनाड में हुए भीषण भूस्खलन में लापता सारण जिले के तरैया प्रखंड के भटगाई गांव निवासी मो. इमरान अंसारी का शव सेना के जवानों ने राहत एवं बचाव अभियान के दौरान मलबे से बरामद कर लिया। शव मिलने की सूचना जैसे ही गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के घर पर मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इमरान अंसारी की असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। उनकी पत्नी शबनम खातून बार-बार बेसुध हो जा रही हैं। इमरान अपने पीछे छह माह की दुधमुंही बेटी छोड़ गए हैं, जिसके सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया। वहीं वृद्ध माता ऐनुल निशा, पिता अलाउद्दीन अली, भाई रिजवान अली उर्फ मुन्ना बाबा सहित पूरे परिवार का विलाप देख गांव के लोग भी भावुक हो उठे।
कंपनी ने तत्काल दी आर्थिक सहायता, शव बिहार लाने की तैयारी
परिजनों ने बताया कि सेना के जवान लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रहे थे। गुरुवार की देर शाम मलबे के नीचे दबा इमरान का शव बरामद किया गया, जिसके बाद उसे संबंधित कंपनी के प्रतिनिधियों को सौंप दिया गया। पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके बाद शव को हवाई मार्ग से बिहार भेजने की तैयारी की जाएगी।
मृतक के बड़े भाई इरशाद अली सहित परिवार के अन्य सदस्य वायनाड पहुंच चुके हैं और आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं में जुटे हुए हैं। कंपनी ने तत्काल सहायता के रूप में 50 हजार रुपये उपलब्ध कराए हैं। साथ ही पीएफ, बीमा और अन्य देय राशि का भुगतान प्रक्रिया पूरी होने के बाद करने का भरोसा दिया है।
जनप्रतिनिधियों ने सरकार से मुआवजे की मांग की
शव मिलने की सूचना के बाद तरैया प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि धनवीर कुमार सिंह 'विक्कू' मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने केरल सरकार से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा एवं आर्थिक सहायता देने की मांग करते हुए कहा कि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, इसलिए सरकार को मानवीय आधार पर हरसंभव सहयोग करना चाहिए।
इस दुखद घटना पर सरपंच संघ के प्रदेश महासचिव सुनील कुमार तिवारी, जिला पार्षद हरिशंकर सिंह, मुखिया ओम प्रकाश कुमार, पैक्स अध्यक्ष रणधीर सिंह, उप सरपंच रामनारायण यादव, परवेज आलम सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने मृतक के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।
वायनाड भूस्खलन, सारण युवक की मौत, तरैया भटगाई, मो इमरान अंसारी, केरल भूस्खलन, सेना रेस्क्यू ऑपरेशन, छपरा समाचार, बिहार न्यूज

