दरौंदा के खड़सरा गांव में घर में घुसकर सोने की चेन, मंगलसूत्र और मोबाइल की चोरी, अज्ञात चोरों पर प्राथमिकी दर्ज
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: दरौंदा थाना क्षेत्र के खड़सरा गांव में गुरुवार की देर रात घर में घुसकर आभूषण एवं मोबाइल चोरी की घटना सामने आई है। पीड़ित के आवेदन पर दरौंदा थाना में अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
खड़सरा गांव निवासी हरेन्द्र यादव ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि गुरुवार की रात करीब 1:30 बजे उनकी पत्नी और बहू के चिल्लाने की आवाज सुनकर वह घर पहुंचे। इस दौरान दोनों महिलाओं ने बताया कि दो अज्ञात युवक घर में घुस आए थे। आरोप है कि चोरों ने उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन तथा बहू के गले से मंगलसूत्र छीन लिया। इसके अलावा बिस्तर पर रखा रेडमी नोट-10एस मोबाइल फोन भी लेकर फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार चोरी हुए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये तथा मोबाइल की कीमत लगभग 15 हजार रुपये है। घटना के बाद ग्रामीणों के सहयोग से आसपास काफी खोजबीन की गई, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका। पीड़ित ने बताया कि चोरी हुए मोबाइल नंबर पर कॉल करने पर घंटी बज रही है, लेकिन कोई फोन रिसीव नहीं कर रहा है।
थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर शनिवार को अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मोबाइल की तकनीकी जांच सहित अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले का शीघ्र खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
Siwan News, Daraunda News, Khadsara Village, House Theft, Gold Chain Theft, Mangalsutra Theft, Redmi Note 10S Theft, Daraunda Police, Bihar Crime News

