15 साल बाद भी अधूरा सपना: पुल बना, लेकिन एप्रोच पथ के इंतजार में जूझ रहे ग्रामीण
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: सिसवन प्रखंड मुख्यालय से प्रसिद्ध बाबा महेंद्रनाथ मंदिर को जोड़ने वाली चांदपुर-मेहंदार मुख्य सड़क पर रामगढ़ के समीप दाहा नदी पर बना पीसीसी पुल पिछले करीब 15 वर्षों से अपने एप्रोच पथ के अभाव में अधूरा साबित हो रहा है। वर्ष 2011 में पुल निर्माण विभाग द्वारा पुल का निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन दोनों ओर संपर्क मार्ग आज तक नहीं बन सका। इसका खामियाजा क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को रोजाना भुगतना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पुल निर्माण के समय बड़े-बड़े दावे किए गए थे और उद्घाटन का शिलापट्ट भी लगाया गया, लेकिन पुल के दोनों छोर पर एप्रोच सड़क का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया। कई बार जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों और प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों के अनुसार पुल के दोनों ओर लगभग 100-100 मीटर तक केवल कंकड़ और मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है। बरसात के मौसम में यह रास्ता पूरी तरह फिसलन भरा और कीचड़युक्त हो जाता है। ऐसे में बाइक और साइकिल सवार आए दिन दुर्घटनाग्रस्त होते हैं, जबकि पैदल चलने वाले लोगों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ती है। पुल के दोनों छोर पर जमीन धंसने लगी है, जिससे हादसे की आशंका और बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि पीसीसी पुल बनने से पहले यहां लोहे और लकड़ी का जर्जर पुल था, जिससे आवाजाही जोखिम भरी रहती थी। नया पुल बनने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि क्षेत्र में सुरक्षित और सुगम आवागमन का रास्ता खुलेगा, लेकिन एप्रोच पथ नहीं बनने के कारण उनकी उम्मीदें अधूरी रह गईं।
यह सड़क सिसवन प्रखंड मुख्यालय को बाबा महेंद्रनाथ मंदिर सहित आसपास के कई गांवों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। धार्मिक आयोजनों और सामान्य दिनों में भी इस सड़क से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण आवागमन करते हैं। इसके बावजूद संपर्क मार्ग का निर्माण नहीं होना विभागीय उदासीनता को उजागर करता है।
ग्रामीणों ने सरकार और पुल निर्माण विभाग से अविलंब पुल के दोनों ओर एप्रोच पथ का निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही इस दिशा में कार्रवाई नहीं की गई तो बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाएगी तथा किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
Ramgarh Bridge News, Daha River Bridge, Chandpur Mehandar Road, Siswan News, Siwan News, Baba Mahendranath Temple Road, Bridge Approach Road, Bihar Rural Road News

