एकमा में चला सघन वाहन जांच अभियान, आठ वाहनों का चालान, 15 हजार रुपये जुर्माना वसूला
सारण (बिहार) संवाददाता केके सिंह सेंगर: सारण पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष वाहन जांच अभियान के तहत शनिवार को एकमा थाना पुलिस ने छपरा–सिवान मुख्य मार्ग स्थित एनएच-531 पर एकमा चट्टी के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व एसआई विनायक राम ने किया। वाहन जांच के दौरान पुलिस ने दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की गहन जांच करते हुए यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराया।
जांच के दौरान वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन निबंधन प्रमाणपत्र, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, हेलमेट तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। इस दौरान बिना ड्राइविंग लाइसेंस, आवश्यक कागजात के अभाव, हेलमेट नहीं पहनने तथा ट्रिपल लोडिंग जैसे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
पुलिस ने कुल आठ वाहनों का चालान काटते हुए 15 हजार रुपये जुर्माना वसूला। अचानक चलाए गए इस अभियान से यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। कई वाहन चालक पुलिस जांच देखकर रास्ता बदलते भी नजर आए।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सड़क पर सुरक्षित यात्रा के लिए यातायात नियमों का पालन करना आवश्यक है। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, सभी वैध दस्तावेज साथ रखने तथा ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Ekma News, Saran Police, Vehicle Checking Campaign, Traffic Challan, NH-531 Ekma, Chhapra News, Bihar Traffic Police, Road Safety

