सारण को शिक्षा का ‘कोटा’ बनाएंगे : नए आरडीडीई संजय कुमार
शिक्षा भवन में संभाला पदभार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण प्रमंडल के नवनियुक्त क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक (आरडीडीई) संजय कुमार ने शनिवार को शिक्षा भवन में विधिवत पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक राजदेव राम ने उन्हें प्रभार सौंपा। पदभार ग्रहण करने के बाद संजय कुमार ने सारण प्रमंडल को शिक्षा के क्षेत्र में देश के प्रसिद्ध शैक्षणिक केंद्र ‘कोटा’ की तर्ज पर विकसित करने का संकल्प व्यक्त करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
उन्होंने कहा कि सारण, सिवान और गोपालगंज के प्रतिभाशाली शिक्षकों की एक सशक्त टीम गठित की जाएगी। विषय विशेषज्ञों के सहयोग से जिला स्कूलों को मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और प्रतिस्पर्धी शिक्षा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए सभी स्तरों पर योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।
नवनियुक्त आरडीडीई ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार केवल विभागीय प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए शिक्षकों, शिक्षा पदाधिकारियों, कर्मचारियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के सामूहिक सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से सारण प्रमंडल को राज्य का अग्रणी शैक्षणिक केंद्र बनाया जा सकता है।
प्रभार ग्रहण समारोह के दौरान निवर्तमान आरडीडीई राजदेव राम को सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी गई। उन्होंने अपने लगभग एक वर्ष के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दौरान उन्हें अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों का भरपूर सहयोग मिला, जिसके लिए उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संजय कुमार के नेतृत्व में प्रमंडल की शिक्षा व्यवस्था नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी।
इस अवसर पर कार्यालय के प्रधान लिपिक मनोज कुमार, वरीय लिपिक सर्वानंद सिंह, दीपक कुमार साह, विवेक राज, ऑपरेटर अमरजीत शर्मा, सीमा कुमारी, परिचारी चौबे, विकास कुमार, अशोक महतो सहित शिक्षा विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नवनियुक्त आरडीडीई का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में सारण जिला शिक्षा विभाग अनुसचिवीय कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, शिक्षक नेता मनजीत कुमार तिवारी, शिक्षक कमल कुमार सिंह सहित कई शिक्षकों एवं शिक्षा कर्मियों ने भी संजय कुमार को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में सारण, सिवान और गोपालगंज में शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल होंगी।
: Saran RDDE Sanjay Kumar, नया आरडीडीई सारण, शिक्षा भवन छपरा, सारण शिक्षा विभाग, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, जिला स्कूल मॉडल स्कूल, बिहार शिक्षा समाचार

