सहयोग शिविर में बिजली और पीएचईडी विभाग के कनीय अभियंता रहे अनुपस्थित, बीडीओ ने कार्रवाई की कही बात
मांझी प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में लगा सहयोग शिविर, अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान का प्रयास
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश के आलोक में राज्य के सभी जिलों की पंचायतों में ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मांझी प्रखंड की आदर्श ग्राम पंचायत बरेजा में भी सहयोग शिविर आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने के साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल की गई। इस दौरान आदर्श ग्राम पंचायत बरेजा के मुखिया राजेश पांडेय ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि सहयोग शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर लगाने से राहत मिलती है। उन्होंने शिविर में पीएचईडी विभाग के कनीय अभियंता के अनुपस्थित रहने पर नाराजगी जताई और कहा कि महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी से ही इस तरह के शिविरों का उद्देश्य पूरी तरह सफल हो सकता है।
वहीं ताजपुर पंचायत के मुखिया मनीष कुमार ने कहा कि पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित होने से आम लोगों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिलता है और कई मामलों का त्वरित समाधान भी हो जाता है। उन्होंने भी विद्युत विभाग एवं पीएचईडी विभाग के कनीय अभियंताओं के शिविर में अनुपस्थित रहने पर नाराजगी व्यक्त की।
मांझी के प्रखंड विकास पदाधिकारी उपेंद्र दास ने बताया कि शिविर में विद्युत विभाग एवं पीएचईडी विभाग के कनीय अभियंताओं की अनुपस्थिति की जानकारी वरीय जिला स्तरीय पदाधिकारियों को दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित इस प्रकार के शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति आवश्यक है, ताकि लोगों को मौके पर ही उचित मार्गदर्शन और समाधान मिल सके।
शिविर में जिला स्तर से पहुंचे पदाधिकारियों से जब पत्रकारों ने कार्यक्रम एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर जानकारी लेने का प्रयास किया, तो उन्होंने इस संबंध में कुछ भी स्पष्ट बताने से परहेज किया।
इस अवसर पर मांझी के अंचलाधिकारी, अनिल सिंह, जिला परिषद प्रतिनिधि कमलेश यादव, बीडीसी प्रतिनिधि अजय पांडेय सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। ग्रामीणों ने पंचायत स्तर पर आयोजित सहयोग शिविर को उपयोगी बताते हुए कहा कि यदि सभी संबंधित विभागों के अधिकारी नियमित रूप से शिविर में उपस्थित रहें, तो स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं का समाधान और अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है।
मांझी सहयोग शिविर, बरेजा पंचायत सहयोग शिविर, मांझी प्रखंड समाचार, सारण न्यूज, पंचायत सहयोग शिविर, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राजेश पांडेय, मनीष कुमार, उपेंद्र दास, पीएचईडी विभाग, विद्युत विभाग, ग्रामीण समस्या समाधान, बिहार पंचायत समाचार

