प्रखंड मुख्यालय के पास बना पार्क बना भैंसों का चरागाह, सुविधाओं के अभाव पर फूटा लोगों का गुस्सा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: एकमा नगर पंचायत क्षेत्र में प्रखंड मुख्यालय के समीप स्थित पार्क बदहाल स्थिति का शिकार बना हुआ है। पार्क में लोगों के बैठने और विश्राम करने की व्यवस्था होने के बजाय वहां भैंसों का जमावड़ा और चरागाह का दृश्य देखने को मिल रहा है। इससे स्थानीय लोगों और प्रखंड मुख्यालय आने वाले ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि एकमा प्रखंड मुख्यालय में प्रतिदिन लगभग डेढ़ दर्जन से अधिक पंचायतों के लोग विभिन्न सरकारी कार्यों के लिए आते हैं, लेकिन उनके बैठने के लिए कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और दूर-दराज से आने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व विधायक श्रीकांत यादव के कार्यकाल में यहां सोलर लाइट की व्यवस्था कराई गई थी, लेकिन वर्तमान में पार्क की स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है। नियमित देखरेख के अभाव में पार्क भैंसों का चरागाह बन गया है, जिससे इसकी सुंदरता भी समाप्त हो गई है।
लोगों ने बताया कि इसी मार्ग से प्रखंड मुख्यालय, नगर पंचायत कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित कई सरकारी कार्यालयों के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि प्रतिदिन गुजरते हैं, लेकिन अब तक किसी का ध्यान इस बदहाल पार्क की ओर नहीं गया है।
नगर पंचायत वासियों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि पार्क की तत्काल साफ-सफाई कराकर वहां बैठने की समुचित व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए जाएं, ताकि प्रखंड मुख्यालय आने वाले लोगों को सुविधा मिल सके। इस दौरान दर्जनों स्थानीय लोग मौजूद रहे।
एकमा नगर पंचायत, एकमा पार्क, सारण समाचार, पार्क की बदहाली, प्रखंड मुख्यालय, नगर पंचायत समाचार, बिहार न्यूज

