डेंगू पर वार: जुलाई भर चलेगा 'एंटी डेंगू माह', स्कूलों से लेकर गांव-गांव तक चलेगा जागरूकता अभियान
स्कूलों में क्विज, निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता, सफाई गाड़ियों से भी होगा डेंगू बचाव का प्रचार
सारण (बिहार): जिले में डेंगू के संभावित खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने पूरे जुलाई माह को 'एंटी डेंगू माह' के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। अभियान के तहत जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाकर लोगों को डेंगू से बचाव, मच्छरों के प्रजनन पर रोक तथा समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग, नगर निकाय, शिक्षा विभाग, पंचायती राज संस्थाएं, स्वयंसेवी संगठन और अन्य विभागों के समन्वय से स्कूलों से लेकर गांव-गांव तक विशेष गतिविधियां आयोजित होंगी।
वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अपर निदेशक सह राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार सिन्हा ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छर के प्रजनन स्थलों की पहचान कर उन्हें तत्काल नष्ट किया जाए। उन्होंने कहा कि एडीज मच्छर दिन में भी काटता है, इसलिए लोगों को पूरे दिन मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने चाहिए।
घरों में पानी जमा नहीं होने देने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि घरों और आसपास कहीं भी साफ पानी जमा न होने दें। पानी की टंकियों को हमेशा ढककर रखें, कूलर का पानी नियमित रूप से बदलें तथा पुराने टायर, टूटे बर्तन, नारियल के खोल, गमले और अन्य पात्रों में पानी जमा नहीं होने दें। विभाग का मानना है कि सामुदायिक भागीदारी से ही डेंगू पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
विद्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम
जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. भूपेंद्र कुमार ने बताया कि बच्चों और युवाओं को जागरूक बनाने के लिए सभी विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों के बीच क्विज, निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। इसके अलावा शिक्षकों द्वारा डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। इस अभियान में सीआरसी, बीआरसी और शिक्षा विभाग के अधिकारी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
सफाई गाड़ियों से होगा प्रचार-प्रसार
नगर निगम एवं नगर निकायों की सफाई एक्सप्रेस (कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों) के ऑडियो सिस्टम के माध्यम से डेंगू से बचाव संबंधी संदेश प्रसारित किए जाएंगे, ताकि गली-मोहल्लों और ग्रामीण क्षेत्रों तक लोगों को जागरूक किया जा सके।
सभी विभाग मिलकर चलाएंगे अभियान
वीडीसीओ सह डेंगू कार्यक्रम की नोडल पदाधिकारी सुमन कुमारी ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न सरकारी विभागों, गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ), स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अन्य हितधारकों के साथ बैठक और कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इन बैठकों में डेंगू नियंत्रण के लिए सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
डेंगू से बचाव के प्रमुख उपाय
घर और आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें।
पानी की टंकियों और बर्तनों को हमेशा ढककर रखें।
कूलर का पानी नियमित रूप से बदलें।
पुराने टायर, टूटे बर्तन और नारियल के खोल में पानी जमा न होने दें।
पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें।
मच्छरदानी, मच्छररोधी क्रीम और अन्य सुरक्षा उपाय अपनाएं।
बुखार आने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।
Anti Dengue Month, Dengue Awareness Campaign, Saran News, Chhapra News, Health Department Bihar, Dengue Prevention, Dengue Awareness July 2026, Vector Borne Disease Control, Bihar Health News

