जेठ अमावस्या पर सोनपुर के काली घाट में भव्य त्रिवेणी महाआरती, दीपों की रोशनी से जगमगाया गंगा तट
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: हरिहर क्षेत्र सोनपुर स्थित काली घाट पर ज्येष्ठ अमावस्या के पावन अवसर पर सोमवार को भव्य त्रिवेणी महाआरती का आयोजन किया गया। मां तारा सेवा निधि, महातीर्थ कौनहारा हाजीपुर (वैशाली) के सौजन्य से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार, शंख ध्वनि और दीपों की अलौकिक छटा के बीच संपन्न हुई महाआरती ने पूरे गंगा तट को भक्तिमय वातावरण से भर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत महाकाल बाबा के निर्देशन में विधि-विधानपूर्वक नारायणी गंगा एवं सोनभद्र पूजन-अर्चन के साथ हुई। इसके बाद यजमान राजीव ब्रह्मर्षि ने दीप प्रज्ज्वलित कर गंगा महाआरती का शुभारंभ किया। श्रद्धालुओं द्वारा जलाए गए सैकड़ों दीपों की रोशनी से काली घाट जगमगा उठा। महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महाआरती में भाग लेकर आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त की और इस दिव्य दृश्य के साक्षी बने।
महाआरती के दौरान महाकाल बाबा ने कहा कि मां तारा सेवा निधि हरिहर क्षेत्र की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा प्रत्येक अमावस्या को सोनपुर के पुरानी गंडक पुल घाट, प्रत्येक पूर्णिमा को श्री गजेंद्र मोक्ष धाम कौनहारा महातीर्थ हाजीपुर तथा प्रत्येक कृष्ण पक्ष दशमी को पटना में त्रिवेणी महाआरती का आयोजन नियमित रूप से किया जाता है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से गंगा नदी की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि गंगा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की अमूल्य धरोहर है। इसे प्रदूषण मुक्त रखना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि गंगा स्नान एवं आराधना से आध्यात्मिक शांति प्राप्त होती है और मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है।
महाकाल बाबा ने हरिहर क्षेत्र की ऐतिहासिक, पौराणिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रस्तावित अर्द्ध कुंभ आयोजन को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील की। कार्यक्रम का समापन उनके आशीर्वचन एवं “धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो, विश्व का कल्याण हो” जैसे उद्घोषों के साथ हुआ।
गंगा महाआरती को सफल बनाने में आचार्य अनिल, अर्जुन, अविनाश, अमन, रौशन, आदित्य, मुकेश, कुंदन, राजा, विपिन तथा राजीव सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम महाकाल बाबा के सान्निध्य एवं संरक्षकों के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
Sonpur Kali Ghat, Triveni Maha Aarti, Jyeshtha Amavasya, Ganga Aarti Sonpur, Mahakal Baba, Harihar Kshetra Sonpur, Bihar Religious News, Saran News

